Raebareli News: सरेनी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर कला गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब मत्स्य पालन के लिए बने लगभग पांच बीघे के तालाब में हजारों मछलियां संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं. पीड़ित पशुपालक ने गांव के ही एक युवक पर दुर्भावनाग्रस्त तालाब में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है.
ADVERTISEMENT
सुबह तालाब पहुंचे तो उड़ गए होश
जानकारी के अनुसार, तिवारीपुर कला गांव निवासी हरिश्चंद्र ने गांव में स्थित करीब पांच बीघे के तालाब में मत्स्य पालन का व्यवसाय शुरू किया था. सुबह जब वह रोज की तरह तालाब पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैर तले जमीन खिसक गई. तालाब के पानी की सतह पर लगभग सभी मछलियां मृत अवस्था में तैर रही थीं. पीड़ित हरिश्चंद्र का कहना है कि इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. उनकी साल भर की मेहनत और पूंजी पूरी तरह बर्बाद हो गई है.
पिंटू निर्मल पर जहरीला पदार्थ डालने का आरोप
पीड़ित हरिश्चंद्र ने इस अप्रत्याशित घटना के पीछे पुरानी रंजिश का अंदेशा जताया है. उन्होंने थाना सरेनी में दी गई तहरीर में गांव के ही निवासी पिंटू निर्मल को नामजद किया है. पीड़ित का आरोप है कि पिंटू निर्मल ने ही तालाब में कोई जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिसके कारण तालाब की सारी मछलियां तड़प-तड़प कर मर गईं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़ित की ओर से मिली नामजद शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी रमेश चंद्र के मुताबिक, तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है. तालाब के पानी के नमूने और मछलियों के मरने के सही कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT










