Raebareli News: जिले में एक महिला शिक्षा अधिकारी का व्हाट्सएप स्टेटस इस समय सोशल मीडिया से लेकर प्रशासनिक गलियारों तक में 'अंगारा' बना हुआ है. सतांव ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी शीतल श्रीवास्तव के मोबाइल स्टेटस का एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जिले की राजनीति और धार्मिक भावना से जुड़े लोगों में खलबली मचा दी है.
ADVERTISEMENT
क्या लिखा था स्टेटस में
वायरल हो रही फोटो में साफ देखा जा सकता है कि 'Beo Sheetal Srivastava' नाम के अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की गई है. इस पोस्ट में लिखा है कि "अच्छा हुआ कि राम जी की सेना में वानर थे.. अयोध्या ट्रस्ट वाले होते तो सोने की लंका देखकर रावण की साइड हो जाते..". चश्मे वाले इमोजी के साथ पोस्ट किए गए इस तंज ने सीधे अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट को निशाने पर लिया है. जैसे ही यह स्टेटस लोगों की नजरों में आया, वैसे ही इसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया के अलग-अलग ग्रुप्स में तैरने लगे.
सोशल मीडिया पर छिड़ा महाभारत कोई बोला व्यंग्य, कोई बोला घोर आपत्तिजनक!
इस स्टेटस को लेकर इंटरनेट पर दो फाड़ हो गए हैं. कुछ लोग इसे आज की व्यवस्था पर एक करारा 'व्यंग्य' मान रहे हैं, तो वहीं राम भक्तों और स्थानीय लोगों का एक बड़ा वर्ग इस पर आगबबूला है. नाराज लोगों का कहना है कि एक जिम्मेदार सरकारी पद पर बैठी महिला अधिकारी द्वारा प्रभु श्री राम की सेना और पवित्र अयोध्या ट्रस्ट को लेकर ऐसी अमर्यादित और विवादित टिप्पणी करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
विभागीय जांच और कार्रवाई की उठी मांग
मामला तूल पकड़ते ही अब बीईओ शीतल श्रीवास्तव के खिलाफ मोर्चा खुल गया है. स्थानीय संगठनों और प्रबुद्ध वर्ग ने इस मामले में बेसिक शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है. सोशल मीडिया पर लोग आरोपी अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय जांच और निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
फिलहाल, इस पूरे व्हाट्सएप कांड को लेकर सतांव ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय तक चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म है. अब देखना यह होगा कि इस मामले में शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन क्या कड़ा कदम उठाता है.
ADVERTISEMENT










