Raebareli Crime News: रिश्तों का कत्ल और जमीन की हवस जब सिर चढ़कर बोलती है, तो इंसान हैवान बन जाता है. नसीराबाद थाना क्षेत्र के गांव दुर्गा सिंह मजरे कुंवरमऊ में गुरुवार की काली रात एक ऐसे ही रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड से दहल उठी. यहाँ एक दामाद की उसकी ही ससुराल वालों ने जमीन के टुकड़े के लिए बेरहमी से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी. वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और गांव छावनी में तब्दील हो गया.
ADVERTISEMENT
मिली जानकारी के अनुसार, पूरे दुर्गा सिंह मजरे कुंवरमऊ निवासी वीरेंद्र सिंह (34) का अपनी ही ससुराल वालों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. गुरुवार को यह विवाद इस कदर बढ़ा कि दिन में ही दो बार दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले. खूनी संघर्ष के दौरान वीरेंद्र के सिर पर गंभीर चोटें आईं. खून से लथपथ वीरेंद्र ने किसी तरह थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.
घात लगाकर बैठे थे 'यमदूत', सरेराह किया हमला
सूत्रों की मानें तो वीरेंद्र पुलिसिया कार्रवाई के बाद अस्पताल से अपना मेडिकल कराकर वापस घर लौट रहा था. उसे अंदाजा भी नहीं था कि मौत रास्ते में उसका इंतजार कर रही है. जैसे ही वह गांव के रास्ते पर पहुंचा, पहले से ही घात लगाए बैठे तेज बहादुर सिंह, उनकी पत्नी रीता, एक अन्य महिला और पुरुष ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. इससे पहले कि वीरेंद्र कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. चीख-पुकार के बीच आरोपी उसे तब तक चाकुओं से गोदते रहे, जब तक वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर नहीं गया.
अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित, ससुर-सास पर आरोप
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में गंभीर हालत में वीरेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजनों ने ससुर, सास और चचिया ससुर पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है.
यह भी पढ़ें...जून के आखिरी सप्ताह में भी भीषण गर्मी का कहर
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, इलाके में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही नसीराबाद थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी पवन सोनकर का कहना है कि जमीनी विवाद में हत्या की बात सामने आई है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT










