Raebareli News: शहर कोतवाली क्षेत्र के खिन्नी तल्ला मोहल्ले में बुधवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहाँ नाले के समीप सो रहा एक 40 वर्षीय युवक अचानक असंतुलित होकर नाले में जा गिरा, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के मुताबिक, खिन्नी तल्ला मोहल्ला निवासी जीशान खान (40 वर्ष) बुधवार की रात नाले के किनारे सो रहा था. आशंका जताई जा रही है कि नींद में करवट लेने के दौरान वह गहरे नाले में गिर गया. देर रात हुई इस घटना की भनक लगते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नाले से बाहर निकाला.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर शव को मर्चुरी में रखवा दिया.
इस हादसे की खबर जैसे ही जीशान के परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया. रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है. कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है. मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
ADVERTISEMENT










