Raebareli Coaching Centers Rules: पड़ोसी जिले लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग की घटना के बाद रायबरेली जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और सख्त हो गया है. बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर 'मौत के मुहाने' पर संचालित हो रहे अवैध कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की.
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाने वाले 12 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया. प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल रहा.
ADVERTISEMENT
अफसरों की फौज उतरी सड़क पर, संचालकों के छूटे पसीने
मंगलवार को जिलाधिकारी के कड़े रुख के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की फौज धरातल पर उतरी। जांच टीम में एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ, एएसपी आलोक सिंह, एडीएम न्यायिक व आरडीए सचिव विशाल कुमार यादव शामिल रहे। टीम ने जब कोचिंग संस्थानों के भीतर जाकर भौतिक निरीक्षण किया, तो वहां सुरक्षा के इंतजाम पूरी तरह से नदारद मिले. अधिकारियों ने मुख्य रूप से संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास द्वार (इमरेंसी एग्जिट), बिजली की वायरिंग की स्थिति और भवन की संरचनात्मक सुरक्षा को बारीकी से परखा. इसके साथ ही विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप उपलब्ध संसाधनों की भी जांच की गई.
लापरवाही मिलने पर इन संस्थानों पर जड़ा ताला
जांच के दौरान आग से बचाव और सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त न मिलने पर 12 संस्थानों को मौके पर ही सील करने की कार्रवाई की गई. जिनमें से साईं क्लासेस,पैराडाइज एकेडमी,साज कंप्यूटर, जय गणेश, आईएएस अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ लैंग्वेज, साईं कोचिंग, टॉपर एकेडमी,सेल्फ स्टडी पॉइंट,अर्पण लाइब्रेरी, शिक्षा एकेडमी,यज्ञ करियर इंस्टीट्यूट,योग्यता कंप्यूटर इंस्टीट्यूट इसके अतिरिक्त, कई अन्य संस्थानों के संचालकों को कड़े लहजे में तीन दिन के भीतर सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: डीएम
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, किसी भी स्तर पर पाई जाने वाली उदासीनता अक्षम्य होगी.
डीएम ने निर्देश दिए हैं कि अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त किए बिना कोई भी कोचिंग संस्थान या लाइब्रेरी संचालित नहीं की जाएगी. इसके लिए गठित की गई विशेष टीमें अब रोजाना शहर में चेकिंग अभियान चलाएंगी. मानकों को पूरा न करने वाले और अपंजीकृत संस्थानों को पूरी तरह से बंद करा दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT










