Accident News Raebareli: बछरांवा थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सोमवार की भोर में उस वक्त कोहराम मच गया, जब मौत बनकर दौड़ रही एक तेज रफ्तार पिकअप सीधे सीमेंट लदे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी भयानक थी कि जोरदार धमाके के साथ पिकअप पलट गई और पलक झपकते ही दोनों वाहन आग के शोलों में तब्दील हो गए. देखते ही देखते हाईवे का एक हिस्सा 'मंजर-ए-कब्रिस्तान' जैसा नजर आने लगा, जहां दोनों गाड़ियां धू-धू कर जल रही थीं और भीतर से आ रही चीखें राहगीरों का कलेजा मुंह को ला रही थीं.
ADVERTISEMENT
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया. आग की लपटों को देखकर राहगीरों की रूह कांप गई, लेकिन इंसानियत अभी जिंदा थी. राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए जलती हुई पिकअप की तरफ दौड़ लगा दी. कड़ी मशक्कत के बाद, आग की लपटों के बीच से चार लोगों को जिंदा बाहर निकाला गया. तब तक चारों बुरी तरह झुलस चुके थे. हादसे में पिकअप में सवार राजेश (35) निवासी साडोरा, जनपद सीतापुर, अमर कुमार (19) निवासी संडीला, जनपद हरदोई, रवि यादव (25) तथा मंगल (20) निवासी कटरा मिर्जापुर झुलस गए.
चीख-पुकार के बीच सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को बछरांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, सीतापुर निवासी राजेश की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं अन्य तीन घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है.
उधर, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।.फायर ब्रिगेड के जवानों ने करीब एक घंटे की भारी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर कंकाल (लोहे का ढांचा) बन चुके थे.
इस दिल दहला देने वाले हादसे के चलते लखनऊ-प्रयागराज हाईवे की एक पटरी पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया. लगभग दो घंटे तक गाड़ियों के पहिए थमे रहे. पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए रूट को दूसरी लेन से डायवर्ट किया, जिसके बाद यातायात रेंग-रेंग कर शुरू हो सका. बाद में क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे किया गया, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली.
बछरांवा थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू करा दिया गया है. हाईवे पर यातायात पूरी तरह सुचारु है. घटना की गहनता से जांच की जा रही है, तहरीर मिलते ही मामले में सख्त विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT










