Jeweller Robbery Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की रात बाइक सवार तीन बेखौफ बदमाशों ने एक सराफा व्यवसायी को सरेराह पैर में गोली मार दी. इसके बाद बदमाश व्यवसायी से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-काले के जेवरातों से भरा बैग और पांच हजार रुपये की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। हाईवे पर हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है. घायल व्यवसायी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
दुकान बंद कर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, मिल एरिया थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी रमन सोनी (28 वर्ष), पुत्र ईश्वर दयाल, रतापुर चौराहे के समीप स्थित चमेला भवन के पास अपनी सराफा की दुकान संचालित करते हैं. गुरुवार की रात करीब सवा नौ बजे वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. उनके पास एक बैग था, जिसमें दुकान के कीमती जेवरात व नकदी रखी हुई थी.
घेराबंदी कर बदमाशों ने मारी गोली
जैसे ही रमन सोनी लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर छजलापुर के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. जब सराफा व्यवसायी ने अपनी बाइक नहीं रोकी, तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी. गोली रमन के पैर में लगी, जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर पड़े. इसके बाद बदमाश जेवरात व पांच हजार की नकदी से भरा बैग छीनकर तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही मिल एसपी रवि कुमार व एएसपी आलोक सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके.
एसपी रवि कुमार ने बताया की सराफा व्यवसायी को उनके घर से करीब दस मीटर की दूरी पर बदमाशों ने गोली मारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के अनावरण के लिए थाना पुलिस के साथ-साथ एसओजी (SOG) समेत पांच टीमों का गठन किया गया है. जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT










