रायबरेली में खनन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 17 वाहन सीज

Raebareli News: रायबरेली में ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 वाहनों को सीज कर दिया. देर रात चले संयुक्त अभियान में लाखों रुपये का जुर्माना भी लगाया गया. इस कार्रवाई से खनन और परिवहन माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

 Raebareli illegal transport

Raebareli illegal transport

Newzo

• 03:10 PM • 16 Jun 2026

follow google news

Raebareli News: लालगंज क्षेत्र में अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है. जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के कड़े रुख के बाद हरकत में आए प्रशासन ने देर रात औचक चेकिंग अभियान चलाकर 17 वाहनों को सीज कर दिया. इस बड़ी कार्रवाई से खनन माफियाओं और ओवरलोडिंग का खेल करने वाले वाहन स्वामियों में हड़कंप मच गया है.

यह भी पढ़ें...

अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर लालगंज क्षेत्र में अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ एक संयुक्त अभियान चलाया गया. इस छापेमारी में एसडीएम लालगंज राजेश श्रीवास्तव, सीओ अमित सिंह, खनन अधिकारी सुरेश लकड़ा और एआरटीओ प्रवर्तन उमेश कटियार भारी पुलिस बल के साथ खुद सड़कों पर उतरे. टीम ने रात के सन्नाटे में तेज रफ्तार से दौड़ रहे संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच शुरू की.

 17 वाहन पकड़े, 7 लाख का जुर्माना

जांच के दौरान बिना वैध प्रपत्रों के गिट्टी, मौरंग और मिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे व क्षमता से अधिक लोड लादे कुल 17 बड़े वाहनों डंपर और ट्रकों को पकड़ा गया. प्रशासन ने इन सभी वाहनों को कब्जे में लेकर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. एडीएम प्रशासन के मुताबिक, इन पकड़े गए वाहनों पर करीब 7 लाख रुपये का शमन शुल्क (जुर्माना) भी लगाया गया है.

जिलाधिकारी सरनीत कौर ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सड़कों को नुकसान पहुंचाने और राजस्व को चूना लगाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की आकस्मिक और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इस बड़ी कार्रवाई के बाद से लालगंज-रायबरेली मार्ग और बाईपास पर देर रात तक सन्नाटा पसरा रहा. प्रशासन की इस संयुक्त छापेमारी से क्षेत्र के परिवहन माफियाओं में खलबली मची हुई है.