Raebareli News: बछरावां थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा मजरे रामपुर सुदौली गाँव में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी पर एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दे दिया गया. यहाँ रखवाली कर रहे 40 वर्षीय चौकीदार राम सजीवन की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी. सुबह जब ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा देखा, तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया. चीख-पुकार के बीच आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई.
ADVERTISEMENT
मामला क्या है?
मिली जानकारी के मुताबिक, ठकुराइन खेड़ा निवासी राम सजीवन (40 वर्ष) गाँव के बाहर निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चौकीदारी करता था. रोज की तरह बीती रात भी वह घर पर खाना खाकर ड्यूटी के लिए निकला था. वह टंकी परिसर में चारपाई बिछाकर सो रहा था. आशंका जताई जा रही है कि देर रात घात लगाए बैठे हत्यारों ने उस पर हमला बोल दिया. कातिलों ने राम सजीवन के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से कई ताबड़तोड़ वार किए. प्रहार इतने गहरे और बेरहम थे कि राम सजीवन को संभलने तक का मौका नहीं मिला और चारपाई पर ही उसकी मौत हो गई.
एएसपी आलोक सिंह ने संभाली कमान, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग
वारदात की संवेदनशीलता और गाँव में फैले तनाव को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आलोक सिंह भारी पुलिस बल के साथ खुद मौके पर पहुँचे. एएसपी ने घटनास्थल का बेहद बारीकी से निरीक्षण किया और मातहतों को जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए. उनके साथ पहुँची फॉरेंसिक टीम ने भी वारदात वाली जगह से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और अन्य अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं ताकि कातिलों तक पहुँचा जा सके. एएसपी ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक की टीमें मामले की सघनता से जांच कर रही हैं. जल्द ही मामले की रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें... रायबरेली एम्स में पल्मोनरी विभाग की ओपीडी शुरू, दर्जन भर जिलों को मिला
हत्या का कारण क्या सामने आया है?
सुबह जब आसपास के ग्रामीण पानी की टंकी की तरफ गए, तो वहाँ का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम जुट गया. सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुँच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उनका कहना है कि राम सजीवन की गाँव या बाहर किसी से भी कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं थी. गाँव वाले भी हैरान हैं कि इतने सीधे इंसान के साथ ऐसी खौफनाक वारदात कैसे हो गई.
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.
ADVERTISEMENT










