Raebareli Crime News: दर्दनाक हादसा, रात में घर से लापता हुए युवक की ट्रेन से कटकर मौत, जांच में जुटी पुलिस

Raebareli Crime News: रायबरेली के बछरांवा में मानसिक रूप से कमजोर 22 वर्षीय युवक रामसमुझ की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. वह मंगलवार रात घर से लापता हो गया था. सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। घटना से परिवार में मातम है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Raebareli Railway Accident

Raebareli Railway Accident

Newzo

17 Jun 2026 (अपडेटेड: 17 Jun 2026, 03:05 PM)

follow google news

 Raebareli Crime News: बछरांवा थाना क्षेत्र के कसरॉवा गांव निवासी एक मानसिक रूप से कमजोर युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई. बुधवार सुबह नगर पंचायत कार्यालय के पीछे रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, कसरॉवा गांव निवासी रामसमुझ (22) पुत्र रामू मानसिक रूप से कमजोर था. वह मंगलवार रात अचानक घर से कहीं लापता हो गया था. परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला.बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय के पीछे रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा देखा. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.

ग्रामीणों की सूचना पर बछरांवा थाने के प्रभारी निरीक्षक श्याम लाल पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो उसकी पहचान लापता रामसमुझ के रूप में हुई. युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया. रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए.

यह भी पढ़ें...शिक्षा घोटाले की जांच के लिए अमेठी पहुंचीं CBI

परिजनों ने बताया कि रामसमुझ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. करीब तीन माह पहले भी वह अचानक घर से लापता हो गया था, जिसकी बछरांवा थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी. काफी खोजबीन के बाद वह कानपुर में सकुशल मिला था. परिजनों को उम्मीद थी कि वह इस बार भी लौट आएगा, लेकिन बुधवार सुबह उसकी मौत की खबर आई.

थाना प्रभारी श्याम लाल पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत होने की बात सामने आ रही है. शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है. घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.