DM Raid in Raebareli: रायबरेली में साहबों की लेट-लतीफी पर भारी पड़ा डीएम का औचक निरीक्षण, 147 'लापता' कर्मचारियों पर गिरी गाज

Raebareli News: रायबरेली में डीएम के औचक निरीक्षण ने सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मचा दिया. ब्लॉक कार्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सरकारी दफ्तरों से 147 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले. डीएम ने सभी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए और भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी.

Raebareli DM inspection

Raebareli DM inspection

Newzo

17 Jun 2026 (अपडेटेड: 17 Jun 2026, 03:03 PM)

follow google news

Raebareli News: सरकारी कार्यालयों में समय पालन और कार्य संस्कृति को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. डीएम सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर जिले भर में हुए औचक निरीक्षण में 147 अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए. मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सभी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं.

यह भी पढ़ें...

ब्लॉक कार्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में मिली लापरवाही

12 जून को डीएम के निर्देश पर एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों के ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले.

निरीक्षण में विकास खंड कार्यालय अमावां में 2, सलोन में 3, छतोह में 9, महाराजगंज में 12, शिवगढ़ में 7, बछरावां में 5, लालगंज में 1, खीरों में 10, सरेनी में 7, डलमऊ में 4, रोहनियां में 11 और जगतपुर में 12 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए.

वहीं सीएचसी अमावां में 2, हरचंदपुर में 8, सलोन में 1, महाराजगंज में 1, शिवगढ़ में 6, सरेनी में 8 और डलमऊ में 14 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर नहीं मिले. इसके अलावा नगर पंचायत डलमऊ के 4, ऊंचाहार के 17 तथा सीडीपीओ कार्यालय शिवगढ़ के 3 कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए.

डीएम ने दी सख्त चेतावनी

डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी सरकारी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा.

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोका गया है. यदि भविष्य में भी ऐसी लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ और अधिक सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी. डीएम की इस कार्रवाई के बाद जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में सतर्कता बढ़ गई है और कर्मचारियों में समय पालन को लेकर गंभीरता दिखाई देने लगी है