Raebareli News: रायबरेली में बंद फाटक के बीच फंसा ट्रैक्टर, नौचंदी एक्सप्रेस के ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Newzo

18 Jun 2026 (अपडेटेड: 18 Jun 2026, 02:11 PM)

Raebareli Railway Crossing: रायबरेली के मुंशीगंज रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बंद फाटक के बीच रेलवे ट्रैक पर फंस गई. उसी दौरान नौचंदी एक्सप्रेस आ गई, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता और समय पर लगाए गए इमरजेंसी ब्रेक से बड़ा रेल हादसा टल गया. पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं.

रायबरेली में बंद फाटक के बीच फंसा ट्रैक्टर, नौचंदी एक्सप्रेस के ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

रायबरेली में बंद फाटक के बीच फंसा ट्रैक्टर, नौचंदी एक्सप्रेस के ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Google CTA

Raebareli News: भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज रेलवे क्रॉसिंग पर आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की 'चंद सेकेंड की जल्दबाजी' सैकड़ों जिंदगियों पर भारी पड़ने वाली थी. गनीमत रही कि समय रहते नौचंदी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने 'देवदूत' बनकर इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे एक बहुत बड़ा और रूह कंपा देने वाला रेल हादसा होने से बाल-बाल टल गया. ट्रेन को ट्रैक पर खड़ी देख पटरियों के आसपास मौजूद लोगों की थमी हुई सांसें बहाल हुईं.

यह भी पढ़ें...

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुंशीगंज रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद हो रहा था. इसी बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने नियम-कानून को ताक पर रखकर अपनी गाड़ी निकालने की कोशिश की. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही बीच ट्रैक पर पहुंची, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पटरियों के बीच ही फंस गई. तभी अचानक हूटर बजाती हुई रायबरेली से प्रयागराज की ओर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस तेज रफ्तार से आती दिखाई दी. ट्रैक्टर को ट्रैक पर फंसा देख वहां मौजूद लोगों के हलक में जान आ गई. हर तरफ 'भागो-भागो' का शोर मच गया और हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई.

जब मौत चंद कदम दूर थी, तभी रेलवे स्टाफ और मुस्तैद लोको पायलट की नजर ट्रैक पर फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ गई. खतरे की घंटी बजते ही लोको पायलट ने बिना एक पल गंवाए सूझबूझ दिखाई और क्रॉसिंग से ठीक पहले सिग्नल के पास ही नौचंदी एक्सप्रेस के पहियों को पूरी ताकत से जाम कर दिया. भयंकर आवाज के साथ ट्रेन ट्रैक पर ही रुक गई.

ट्रेन रुकते ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. भदोखर पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है, वहीं लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. यह तो साफ है कि अगर आज ड्राइवर ने जरा भी देर की होती, तो रायबरेली की धरती एक बड़े हादसे की गवाह बन जाती.

.