मेरठ की शीबा को शादीशुदा BF ने बेटा पैदा करने की चाहत में रखा लिवइन में, फिर दी ऐसी मौत कि हिल गया इलाका!

उस्मान चौधरी

• 06:19 PM • 24 Aug 2026

Meerut Sheeba Murder Case: मेरठ के सरधना में खेत से मिले महिला के शव की पहचान शीबा के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक बेटे की चाहत में प्रेमी ने परिवार संग हत्या की साजिश रची.

Meerut Crime News

Meerut Crime News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. 20 अगस्त को सरधना इलाके के एक खेत में महिला का शव मिला था. शव की हालत बहुत बुरी थी. चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे. इस वजह से शव की पहचान नहीं हो पा रही थी. मगर बाद में पुलिस ने महिला की पहचान भावनपुर थाना क्षेत्र के सयाल गांव की रहने वाली शीबा के रूप में की. पुलिस के मुताबिक, शीबा की हत्या उसके प्रेमी सादिक ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर की थी. हत्या की वजह बेटे की चाहत बताई जा रही है.

यह भी पढ़ें...

कैसे हुई शव की पहचान?

20 अगस्त को मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में खेत में एक महिला का शव बरामद हुआ था. महिला के चेहरे पर ईंट से कई बार वार किए गए थे. शव की हालत ऐसी थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था. पुलिस ने जांच शुरू की. इसी बीच मृतका के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. 21 अगस्त को सोशल मीडिया पर अज्ञात महिला का शव मिलने की तस्वीर देखकर शीबा के परिजन सरधना थाने पहुंचे. इसके बाद मोर्चरी में शव की पहचान शीबा के तौर पर हुई.

शीबा का सादिक से था रिश्ता

पुलिस के मुताबिक, शीबा की शादी 2019 में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर निवासी शाहरुख से हुई थी. उसके दो बच्चे भी थे. शाहरुख गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था. इसी दौरान शीबा की नजदीकियां सादिक से बढ़ गईं. वह सादिक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी. सादिक पहले से शादीशुदा था और उसकी पांच बेटियां थीं.

बेटे की चाहत में शीबा को साथ रखा

पुलिस की जांच के मुताबिक, शुरुआत में सादिक के परिवार ने शीबा को अपने साथ रखने का विरोध किया था. इसके बाद सादिक कुछ समय के लिए परिवार से अलग रहने लगा. कुछ दिन बाद वह वापस आया और परिवार को बताया कि उसका कोई बेटा नहीं है और उसने शीबा को बेटे की चाहत में अपने साथ रखा है. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद सादिक के परिवार ने शीबा को स्वीकार कर लिया. करीब एक साल पहले शीबा ने एक बेटे को जन्म दिया.

बेटा होने के बाद हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस के मुताबिक, बेटे के जन्म के बाद सादिक और उसके परिजनों ने शीबा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि सादिक के साथ उसकी पहली पत्नी आशिया, मां वसीरा और दोनों भाई आबिद और शादाब भी इस साजिश में शामिल थे. शीबा के भाई की तहरीर पर कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी सादिक, उसकी पहली पत्नी आशिया, मां वसीरा और भाइयों आबिद व शादाब के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया.

देहरादून घूमने का दिया झांसा

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि 19 अगस्त को शीबा को देहरादून घूमने के बहाने गाड़ी में बैठाया गया. पुलिस के मुताबिक, रास्ते में गाड़ी के अंदर ही सादिक ने शीबा की हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी शव को मेरठ के सरधना रोड पर ले गए और एक खेत में फेंक दिया. आरोप है कि पहचान छिपाने के लिए शीबा के चेहरे पर ईंट से कई बार वार किए गए.

परिवार को फोन कर शीबा ने दी थी जानकारी

शीबा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को शीबा ने फोन करके बताया था कि सादिक और उसके परिवार के लोग उसे गाड़ी में बैठाकर ले जा रहे हैं. इसके बाद उसका फोन बंद हो गया. अगले दिन खेत में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बाद में उसकी पहचान शीबा के रूप में हुई.

पुलिस ने पूछताछ के बाद किया खुलासा

मामले में पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या की पूरी कहानी सामने आई.

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि सादिक की पहली पत्नी आशिया से पांच बेटियां थीं और कोई बेटा नहीं था. बेटे की चाहत में सादिक ने शीबा को अपने साथ रखा था. पुलिस के मुताबिक, करीब चार साल से दोनों के संबंध थे और बेटे के जन्म के बाद शीबा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई.

पुलिस के मुताबिक, शीबा की मौत गला दबाने से हुई. उसके चेहरे पर ईंट से कई बार वार किए गए थे. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे और तथ्य सामने आ सकते हैं.

फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है. इस हत्याकांड ने मेरठ में सनसनी फैला दी है.

ये भी पढ़ें: अश्लील Video के आरोप में सस्पेंड होने वाली दारोगा अनु ने वही ड्रेस पहनकर बनाई वीडियो, QR कोड की स्टोरी भी बता दी!