Raebareli Crime News: जगतपुर इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जगतपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है.
ADVERTISEMENT
मामला क्या है?
पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम के तहत लंबे समय से वांछित चल रहे छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. पकड़े गए आरोपी एक संगठित गिरोह बनाकर चोरी की संगीन वारदातों को अंजाम देते थे. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है.
एसपी ने किया गिरोह का पर्दाफाश
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो गिरोह बनाकर सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. इस पूरे संगठित गिरोह का सरगना मधवापुर गांव निवासी सचिन पटेल है. सचिन ही इस गिरोह का संचालन करता था और वारदातों की योजना बनाता था. गैंगस्टर एक्ट दर्ज होने के बाद से ही पुलिस टीम इन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.
इन इलाकों के 'शातिर' चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की कुंडली खंगालने पर पता चला है कि इस गैंग के तार जिले के कई कोनों से जुड़े थे. पकड़े गए बदमाशों में जगतपुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी सचिन पटेल(गैंग लीडर),मायेमऊ गांव निवासी शिवा पटेल,आकाश पटेल,हरदीटीकर गांव निवासी पिंकू,ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के बहेरवा गांव निवासी मनीष कुमार व सलोन कोतवाली क्षेत्र के गौवा बाजार निवासी राजकुमार शामिल हैं.
किस कानून के तहत कार्रवाई हुई?
एसपी रवि कुमार ने कहा कि जिले में किसी भी तरह के संगठित अपराध या अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा. गैंगस्टर एक्ट के तहत फरार चल रहे इन आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सक्रियता का परिणाम है. सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है.
पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और आपराधिक इतिहास की भी गहराई से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT










