Raebareli News:भदोखर थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, जगतपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले दुर्गेश (30) अपने साथी जितेंद्र (27) के साथ बुधवार को किसी काम से रायबरेली आए थे.शाम करीब चार बजे दोनों बाइक से वापस अपने घर जगतपुर लौट रहे थे.
जैसे ही उनकी बाइक लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर दरियापुर चौराहे के पास पहुंची, तभी सलोन की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्गेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही भदोखर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल जितेंद्र को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं, पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की खबर दी, जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए.
भदोखर इंस्पेक्टर राकेश चंद्र आंनद ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ है. मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है.
ADVERTISEMENT










