सिपाही भर्ती परीक्षा देने रायबरेली जा रही 2 छात्राओं के साथ हसीब ने रेप करने की कोशिश की... पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को एनकाउंटर कर पकड़ा

Lucknow Crime News: लखनऊ से रायबरेली परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं के साथ एक ऑटो ड्राइवर द्वारा दुष्कर्म करने की कोशिश और मारपीट का मामला सामने आया है.

Lucknow Auto Driver Crime

Lucknow Auto Driver Crime (Photo: AI Generated)

आशीष श्रीवास्तव

• 08:59 AM • 09 Jun 2026

follow google news

Lucknow Auto Driver Crime: लखनऊ से रायबरेली परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं के साथ एक ऑटो ड्राइवर द्वारा दुष्कर्म करने की कोशिश और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हसीब को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी पर पहले भी बलात्कार का मामला दर्ज बताया जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

लखनऊ के डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने बताया कि लखीमपुर खीरी की रहने वाली दो छात्राएं लखनऊ में परीक्षा देने के बाद सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए रायबरेली जा रही थीं. वहां जाने के लिए दोनों एक ऑटो में सवार हुईं, लेकिन ड्राइवर उन्हें सही रास्ते पर ले जाने के बजाय रास्ता बंद होने का बहाना बनाकर मवैया होते हुए पारा थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास एक सुनसान इलाके में ले गया. आरोप है कि उस सुनसान जगह पर ले जाकर ऑटो ड्राइवर ने दोनों छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की और उनके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की.


लोगों को देख फरार हुआ आरोपी

वहां आरोपी ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म की कोशिश की. अपनी सहेली को परेशान होता देख दूसरी युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया. बचाव के दौरान एक युवती ने आरोपी की उंगली को दांत से काट लिया. इसी बीच एक राहगीर को आते देख आरोपी ऑटो छोड़कर मौके से भाग गया. राहगीर ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी. छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाकर खुद को बचाने की कोशिश की. लड़कियों की आवाज सुनकर और पकड़े जाने के डर से आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.घटना के बाद पुलिस ने दोनों छात्राओं को  सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया. इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज देखे. फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान हसीब के रूप में हुई.

हसीब ने पुलिस टीम पर फायरिंग की

आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए पहुंची. इस दौरान आरोपी हसीब ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.


बलात्कार के मामले में दोषी रह चुका है आरोपी

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी हरदोई जिले का रहने वाला है और लखनऊ में ऑटो चलाने का काम करता है.  उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह वर्ष 2014 में बलात्कार के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इससे पहले भी इस तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है.