मोदी सरकार के 12 व योगी सरकार के 9 वर्ष पूरे: रायबरेली में विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया मॉडल स्थापित

Newzo

• 04:16 PM • 12 Jun 2026

Raebareli Development News: रायबरेली में मोदी सरकार के 12 और योगी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाई गईं. प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में जिले ने आर्थिक विकास, आधारभूत संरचना, किसान कल्याण और जनसुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है.

Raebareli News

Raebareli News

Google CTA

Raebareli Development News: केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने इस संयुक्त कार्यकाल को देश और प्रदेश के इतिहास में 'स्वर्णिम युग' करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में रायबरेली आज विकास, सुशासन और जनकल्याण का एक बेहतरीन मॉडल बनकर उभरा है. उन्होंने सिलसिलेवार तरीके से आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि कैसे डबल इंजन की सरकार ने जनपद की तस्वीर और तकदीर बदल दी है.

यह भी पढ़ें...

आर्थिक महाशक्ति बनने की राह पर रायबरेली: ₹30,399 करोड़ पहुंची GDP

प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने जनपद की मजबूत आर्थिक प्रगति का खाका पेश किया. उन्होंने बताया कि निरंतर प्रयासों और औद्योगिक नीतियों के चलते रायबरेली जनपद का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) अब बढ़कर लगभग ₹30,399 करोड़ तक पहुंच गया है. यह आंकड़ा जिले में विकास की तेज रफ्तार, बढ़ते निवेश और आर्थिक सुदृढ़ता का प्रत्यक्ष प्रमाण है. आज रायबरेली कृषि, उद्योग, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के हर मोर्चे पर अभूतपूर्व प्रगति का साक्षी बन रहा है.

प्रभारी मंत्री ने कृषि और किसान कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि 'पीएम किसान सम्मान निधि' योजना के माध्यम से जनपद के 5.53 लाख से अधिक किसानों के खातों में ₹1537 करोड़ से अधिक की धनराशि सीधे भेजी जा चुकी है. इसके अलावा, अन्नदाताओं को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से 'किसान ऋण मोचन योजना' के अंतर्गत जिले के 80 हजार से अधिक पात्र किसानों का कर्ज माफ कर उन्हें एक बड़ी राहत दी गई है. सिंचाई और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए 'पीएम कुसुम योजना' के तहत जनपद में 1635 सोलर पंप स्थापित किए गए हैं, जबकि 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' से 62 हजार से अधिक किसानों को सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है.

बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के मोर्चे पर हुई क्रांति का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने बताया कि 'गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना' के अंतर्गत रायबरेली जनपद में 77.3 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का निर्माण युद्धस्तर पर कराया गया है, जो आने वाले समय में व्यापार और सुगमता की नई लाइफलाइन बनेगा. इसके साथ ही, जिले में कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए 593 सड़क एवं सेतु परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 761 किलोमीटर लंबे सुदृढ़ सड़क नेटवर्क का जाल बिछाया गया है। विद्युत क्षेत्र में भी नए उपकेंद्रों की स्थापना, नई ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण और क्षमता वृद्धि के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति को बेहद मजबूत किया गया है.

प्रभारी मंत्री ने प्रेस वार्ता के समापन पर कहा कि 'हर घर नल से जल' योजना के तहत जनपद के 4,70,815 घरों तक पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा चुका है, जिसके लिए जिले में 11,515 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है. कृषि के आधुनिकीकरण के लिए 72 फार्म मशीनरी बैंक और 135 कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं. 

वहीं, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए जिले में रिकॉर्ड 3.83 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया गया है. पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 39 ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास तथा सौंदर्यीकरण का कार्य विशिष्ट रूप से किया गया है. उन्होंने पूर्ण विश्वास के साथ कहा कि डबल इंजन सरकार के ये नीतिगत प्रयास रायबरेली को 'विकसित उत्तर प्रदेश' की यात्रा में एक अग्रणी जनपद के रूप में स्थापित कर रहे हैं.

इस मौके पर जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, डीएम सरनीत कौर ब्रोका, एसपी रवि कुमार, सीडीओ अंजूलता,एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ मौजूद रहे.