Raebareli Power Cut News: अघोषित विद्युत कटौती से नाराज अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सोमवार को सुपर मार्केट स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय (विद्युत खंड प्रथम) पर जोरदार प्रदर्शन किया. व्यापारियों ने पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिशासी अभियंता का घेराव किया और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ज्ञापन सौंपा.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा प्रदेश अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि इस भीषण उमस भरी गर्मी में व्यापारिक समय पर दिन-रात अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है. इससे व्यापारियों का व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया है. उन्होंने मांग की कि कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए.
जिला अध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता और महामंत्री संदीप शुक्ला ने कहा कि यदि कहीं कोई तकनीकी खराबी या फॉल्ट होता है, तो उसकी पूर्व सूचना व्यापार मंडल को दी जानी चाहिए. साथ ही व्यापारिक क्षेत्रों में संबंधित जेई को हमेशा अलर्ट मोड पर रखा जाए.
वहीं, नगर अध्यक्ष केके गुप्ता और जिला युवा अध्यक्ष पंकज प्रजापति ने आरोप लगाया कि व्यापारियों को बिना किसी पूर्व सूचना या संज्ञान के उनका विद्युत लोड मनमाने ढंग से बढ़ा दिया गया है. उन्होंने इस अनाप-शनाप बढ़ाए गए लोड को तत्काल निरस्त करने की मांग की.
अधिशासी अभियंता प्रथम कपिल कुमार ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है. शहर को अघोषित कटौती से मुक्त रखने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे और उनकी सभी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान आलोक सिंह, बीके रावत, सुमित गोयल, बृजलाल अग्रवाल, प्रिंशु, शिखर श्रीवास्तव, बबलू शुक्ला, सुरेश गोयल, हंसराज सावलानी सहित दर्जनों व्यापारी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT











