Raebareli Weather 27 July 2026: जनपद में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. आसमान में रह-रहकर काले बादलों का डेरा तो जम रहा है, लेकिन वे बिना बरसे ही आगे निकल जा रहे हैं. बादलों की इस 'बेवफाई' से जहां आम जनमानस भीषण गर्मी और उमस से बेहाल है, वहीं अन्नदाता की नजरें टकटकी लगाए आसमान की ओर टिकी हुई हैं.
ADVERTISEMENT
गर्मी और उमस से छूटे पसीने
सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहती है, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीद बंधती है. लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही बारिश की आस टूट जाती है और धूप व बादलों की जुगलबंदी उमस को और बढ़ा देती है. पंखे और कूलर भी इस तीखी उमस के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं। सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोग पसीने से तर-बतर नजर आ रहे हैं.
किसान कर रहे बारिश का इंतजार
मौसम के इस रवैये से सबसे ज्यादा चिंतित क्षेत्र के किसान हैं. खेतों में धान की रोपाई और अन्य फसलों को इस समय झमाझम बारिश की सख्त जरूरत है. सिंचाई के साधन महंगे होने के कारण किसान कुदरत की मेहरबानी का इंतजार कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि आसमान में उमड़ते-घुमड़ते बादलों को देखकर लगता है कि अभी मूसलाधार बारिश होगी, लेकिन कुछ ही देर में हवा के झोंके बादलों को उड़ा ले जाते हैं और उम्मीदों पर पानी फिर जाता है.
लोगों का कहना हैं कि हर दिन लगता है कि आज झमाझम बारिश होगी और गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन बादल आते हैं और बिना बरसे ही चले जाते हैं. उमस ने जीना मुहाल कर रखा है.
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले एक-दो दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है और अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है. फिलहाल, रायबरेली के लोग केवल एक ही दुआ मांग रहे हैं, हे मेघराज, अब तो बरस जाओ.
ADVERTISEMENT











