Raebareli News: बारिश की पहली बूंदें जहां लोगों को गर्मी से राहत दे रही हैं, वहीं आम और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ रही हैं. मंडियों में सब्जियों की घटती आवक के कारण हरी मिर्च, धनिया और अदरक के साथ-साथ आम सब्जियों के दाम भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं. हफ्ते भर के भीतर सब्जियों की दरों में आई भारी उछाल ने हर घर का जायका फीका कर दिया है. चाय का स्वाद बढ़ाने वाली अदरक से लेकर हरी धनिया तक के भाव आसमान छू रहे हैं. शहर की मंडियों में मुख्य रूप से ग्रामीण इलाकों से लौकी, तरोई, कद्दू और भिंडी की आपूर्ति होती है, लेकिन बारिश के कारण खेतों से उपज निकालना कठिन हो गया है.
ADVERTISEMENT
इसका सीधा असर बाजार और कीमतों पर पड़ा है, फुटकर बाजार में इस समय टमाटर 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. लौकी और कद्दू 30 रुपये, तरोई, बैंगन और भिंडी 40 से 50 रुपये प्रति किलो के भाव पर हैं. करेला 50 रुपये, गाजर 60 रुपये और शिमला मिर्च 120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. हरी धनिया की कीमत 300 रुपये प्रति किलो हो गई है, जबकि अदरक 200 रुपये प्रति किलो बिक रही है. प्याज भी 30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये प्रति किलो हो गया है.
फुटकर सब्जी विक्रेता भीम का कहना है कि अधिकांश हरी सब्जियों के दामों में 10 से 15 रुपये प्रति किलो तक की तेजी आई है, जबकि गाजर में करीब 20 रुपये और शिमला मिर्च में लगभग 40 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है. थोक कारोबारी वीरेंद्र ने बताया कि गांव से आने वाली सब्जियों की आपूर्ति बरसात के कारण घट गई है.
ADVERTISEMENT











