Raebareli News: सोशल मीडिया पर शुरू हुई सिरफिरे आशिक की दीवानगी इस कदर बढ़ गई कि वह महाराष्ट्र से पीड़ित महिला के गांव तक पहुंच गया और मौका पाकर उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दे डाला. हालांकि, कानून के लंबे हाथों से आरोपी ज्यादा दिन बच नहीं सका. गुरबख्शगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने वाले वांछित आरोपी को धर दबोचा है.
ADVERTISEMENT
सीओ लालगंज सुजीत राय ने दी पूरी जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय ने बताया कि गुरबक्शगंज थाने में पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है. आरोपी की पहचान मो० सादिक पुत्र अहमद हुसैन निवासी लेन नंबर 11, अंसार नगर, थाना आजाद नगर, जिला धुले महाराष्ट्र के रूप में हुई है.
ब्लैकमेलिंग से शुरू हुआ खौफनाक खेल
सीओ के मुताबिक, आरोपी मो० सादिक बीते एक साल से इंस्टाग्राम पर पीड़िता को लगातार मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था. आरोपी पीड़िता की तस्वीरों को एडिट कर उसके पति के पास भेजने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था. महिला ने परेशान होकर आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया था, लेकिन सिरफिरा आरोपी नए-नए नंबरों से कॉल करके लगातार धमकियां देता रहा.
रिश्तेदारी के बहाने आया और घर में घुसकर किया दुष्कर्म
आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। बीते 19 जुलाई को वह महाराष्ट्र से आकर पीड़िता के ही गांव में अपनी एक रिश्तेदारी में ठहर गया. मौका पाते ही आरोपी जबरन महिला के घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद पीड़िता ने गुरबख्शगंज थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई.
हाइवे के पास से पुलिस ने दबोचा
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरबख्शगंज थाना प्रभारी की टीम (उ०नि० सचिन सिंह, आ० अरविन्द गौड़, रि०आ० सक्षम दुबे) ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी की. पुलिस टीम ने रायबरेली-लालगंज हाइवे स्थित समसेर पुरवा मोड़ के पास से आरोपी मो० सादिक को गिरफ्तार कर लिया।सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT











