SP Protest Raebareli: शहर के प्रमुख चौराहों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर लगी विवादित होर्डिंग्स लगाए जाने का मामला गरमा गया है. इसे लेकर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ई. वीरेंद्र यादव की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात की. सपाईयों ने एसपी को लिखित तहरीर सौंपकर अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
वर्ग विशेष को निशाना बनाकर माहौल बिगाड़ने की साजिश: सपा
पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर में सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बीती रात अज्ञात लोगों द्वारा शहर के सिविल लाइंस चौराहा पुलिस बूथ, सारस होटल चौराहा, जीजीआईसी गेट और बस स्टैंड रोड स्थित हीरो एजेंसी के पास बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स लगाई गईं. इन होर्डिंग्स पर विवादित भाषा का इस्तेमाल कर एक वर्ग विशेष को निशाना बनाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया है.
सपा जिलाध्यक्ष ई. वीरेंद्र यादव ने कहा कि ये सभी होर्डिंग्स काफी ऊंचाई पर और पेशेवर तरीके से लगाई गई हैं, जिससे प्रतीत होता है कि इस कृत्य के पीछे किसी प्रभावशाली व्यक्ति का हाथ है. खास बात यह है कि इन होर्डिंग्स पर प्रिंटिंग प्रेस का नाम भी अंकित नहीं है और न ही इसके लिए नगर पालिका से कोई अनुमति ली गई है. उन्होंने मांग की कि सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोषियों को तत्काल चिह्नित किया जाए.
इस दौरान मौजूद पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने सत्तापक्ष पर सीधा हमला बोला, उन्होंने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी के मामले को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रमुखता से उठाया है, जिससे बौखलाकर भाजपा के लोग ऐसी ओछी हरकतें कर रहे हैं.
विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मोर्चे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है. आम जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा के लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष की लोकप्रियता पर प्रहार कर रहे हैं. वहीं, विधायक राहुल लोधी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब आम जनमानस का भरोसा इस सरकार से उठ चुका है.
पुलिस अधीक्षक से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से पूर्व प्रत्याशी आरपी यादव, चौधरी सुरेश निर्मल, प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा, महासचिव मोहम्मद अरशद खान, ओपी यादव, शुभम लोहिया, श्रवण आजाद, सौरभ सिंह और दिनेश पिंटू सहित कई अन्य सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT










