Raebareli Murder Case: कोतवाली लालगंज क्षेत्र के टिकरान गांव में सोमवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में नशे के आदी एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया. पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
ADVERTISEMENT
सुबह 10 बजे हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, टिकरान गांव निवासी देवता प्रसाद पासी (56) पुत्र पंची पासी का सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपने बेटे दिलीप से पैसों को लेकर विवाद हो गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिलीप नशे की हालत में था और पैसे न मिलने पर वह उग्र हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर दिलीप ने अपने पिता पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण देवता प्रसाद की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची लालगंज कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है. घटना के बाद से ही आरोपी बेटा घर छोड़कर फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं.
लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि पैसों के विवाद में बेटे द्वारा पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, आरोपी बेटे दिलीप के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
ADVERTISEMENT










