Lucknow Prayagraj Highway: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. शहर कोतवाली क्षेत्र के त्रिपुला चौराहे पर करीब साढ़े पांच बजे अचानक एक चलती कार आग का गोला बन गई. कार में आग लगते ही उसमें सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाई और फौरन नीचे उतरकर अपनी जान बचाई. हाईवे के बीचोबीच कार धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया और काफी देर तक यातायात पूरी तरह ठप रहा. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
ADVERTISEMENT
लालगंज के मनोज कुमार की थी कार
प्रतापगढ़ जिले के लालगंज अझारा कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले मनोज कुमार मंगलवार को किसी निजी कार्य से कार द्वारा लखनऊ की ओर से जा रहे थे. इसी बीच जैसे ही उनकी कार लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर स्थित शहर कोतवाली क्षेत्र के त्रिपुला चौराहे के पास पहुंची, अचानक कार के इंजन से तेज धुआं निकलने लगा.
देखते ही देखते जलकर राख हुई गाड़ी
जब तक कार सवार कुछ समझ पाते, तब तक इंजन से निकली चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया और कार बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगी. यह देख कार में सवार लोग आनन-फानन में गाड़ी से बाहर कूद गए और दूर भाग खड़े हुए. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और कार सवार लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई.
शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है. कार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि समय रहते सभी सवार सुरक्षित बाहर निकल आए थे.
ADVERTISEMENT










