Raebareli News: रायबरेली और फतेहपुर जनपद की लाइफलाइन कहे जाने वाले गेंगासों गंगा पुल से आखिरकार दो साल का लंबा इंतजार खत्म हो गया है. पुल का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आज से इसे हल्के वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है. इससे दोनों जिलों के बीच सफर करने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली है. जिला प्रशासन के मुताबिक, आगामी 10 से 15 जुलाई के बीच इस मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन भी पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ गेंगासो पुल का स्थलीय निरीक्षण किया. अफसरों ने पुल की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुल पर रात के समय सुरक्षित आवागमन के लिए तत्काल प्रभाव से बेहतर प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) सुनिश्चित की जाए, ताकि अंधेरे के कारण कोई दुर्घटना न होने पाए.
1970 के दशक का है पुल, दो साल से था बंद
गौरतलब है कि सरेनी थाना क्षेत्र में स्थित इस ऐतिहासिक पुल का निर्माण वर्ष 1970 के दशक में हुआ था. लंबे समय से जर्जर हो चुके इस पुल को मरम्मत कार्य के चलते पिछले दो वर्षों से बंद कर दिया गया था, जिससे लोगों को कई किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा था. अब इस पुल के दोबारा चालू होने से न सिर्फ रायबरेली और फतेहपुर के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और दैनिक यात्रियों को भी बड़ी सहूलियत मिलेगी.
ADVERTISEMENT










