Raebareli News: मिलएरिया पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिरों, माल खरीदने वाले एक दुकानदार और एक किशोर को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किया गया कॉपर पाइप, तांबे का तार और घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद हुआ है.
ADVERTISEMENT
मिलएरिया थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि वादी अभिनव मिश्रा ने पीएसी के पास 66 मीटर रोड पर स्थित अपने निर्माणाधीन मकान से तांबे के पाइप और अन्य सामान चोरी होने के संबंध में थाने में तहरीर दी थी. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी.
चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मिलएरिया पुलिस टीम ने शनिवार को सर्वोदय नगर अंडरपास रेलवे पुल के पास घेराबंदी की. इस दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली. ई-रिक्शा पर भारी मात्रा में तांबे का तार और अन्य सामान लदा हुआ था. पुलिस ने मौके से राजकमल उर्फ कमल निवासी सलोन और पुनीत तिवारी उर्फ नन्हेंकऊ निवासी बीकरगढ़, ऊंचाहार को गिरफ्तार किया है.
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बंद और निर्माणाधीन मकानों की टोह लेकर वहां से तांबा और कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करते हैं. इसके साथ ही पुलिस ने एक किशोर को भी संरक्षण में लिया है.
चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार
पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले दुकानदार रवि कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया. आरोपी रवि कुमार भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज का निवासी है और उसकी दुकान है, जहां वह चोरों से कम दामों में चोरी का माल खरीदता था.
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 किलोग्राम एसी का तांबे का पाइप, 23 किलोग्राम तांबे का मोटर वाइंडिंग तार, 15 किलोग्राम एल्युमिनियम का तार और दो स्टैंडिंग फैन बरामद किए हैं. इसके अलावा चोरी का माल ढोने में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा को सीज किया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है.
ADVERTISEMENT










