'हिम्मत हो तो हमारे घर पर बुलडोजर चला दें...',  राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस आरोपी लव कुश मिश्रा के नाना ने उठाए सवाल, कह दी बड़ी बात!

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी लव कुश मिश्रा के परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. वहीं, जांच एजेंसियां ₹14.25 लाख नकद बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल तेज कर रही हैं.

Ayodhya Ram Temple Donation Theft Case

Ayodhya Ram Temple Donation Theft Case

Google CTA

Ayodhya Ram Temple Donation Theft Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इस बीच आरोपी लव कुश मिश्रा के घर से कथित तौर पर ₹14.25 लाख नकद मिलने के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है. पुलिस इस बरामदगी को जांच का अहम हिस्सा मान रही है, जबकि आरोपी के परिवार ने पूरे मामले में लव कुश को निर्दोष बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. लव कुश के नाना जगदंबा प्रसाद ने मीडिया से बातचीत में कई सवाल खड़े किए और कहा कि उनके परिवार को मामले में फंसाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

जगदंबा प्रसाद ने क्या कहा?

हमारे सहयोगी से बातचीत के दौरान जगदंबा प्रसाद ने कहा 'पुलिस रिकॉर्ड दे कि क्या मिला है और कहां से मिला है. हमारे घर में जगह ही नहीं है, इतना कैश कहां से मिलेगा? पुलिस तलाशी लेने आई थी, कुछ पुलिसकर्मी घर के अंदर गए और अलमारी से कुछ कागजात लेकर चले गए. क्या हमारे परिवार का कोई विदेश गया है, जो यहां से डॉलर मिलेगा?' उन्होंने कहा कि पुलिस ने तलाशी के बाद उन्हें किसी तरह की लिखित जानकारी नहीं दी. उनका कहना था कि अगर कुछ बरामद हुआ है तो उसका पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाना चाहिए.

लव कुश के नाना ने जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा 'जो सरकार की एसआईटी टीम है, वही इस मामले की जिम्मेदार है. अगर जांच में लव कुश दोषी साबित होता है तो हम कानून का सामना करेंगे, लेकिन हमें पूरा विश्वास है कि वह निर्दोष है. हिम्मत हो तो हमारे घर पर बुलडोजर चला दें. हमारे पास मकान की पूरी रजिस्ट्री है. जो गिराना है गिरा दें, लेकिन हम इन आरोपों से सहमत नहीं हैं. सरकार और मंदिर प्रशासन से भी गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.' उन्होंने यह भी बताया कि लव कुश पहले गाड़ियों के शीशे लगाने का काम करता था.

मां ने भी बेटे को बताया निर्दोष

इसी मामले में लव कुश मिश्रा की मां की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने घर के अंदर से ही मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है. हालांकि वह बाहर नहीं आईं, लेकिन उन्होंने लगातार यही कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी. परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है.

जांच में सामने आए कई नए तथ्य

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लव कुश मिश्रा के घर से ₹14.25 लाख नकद बरामद किए गए हैं. दावा किया गया है कि यह रकम घर की अलमारी और गोबर व सूखे चारे के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई थी. तलाशी के दौरान जमीन की रजिस्ट्री समेत कई अहम दस्तावेज भी मिले. जांच में यह भी सामने आया कि राम मंदिर ट्रस्ट में चढ़ावे की गिनती करने वाली टीम में कार्यरत लव कुश, जिसकी नौकरी का वेतन ₹12,000 से ₹15,000 बताया जा रहा है, ने अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर अयोध्या में एक कीमती जमीन खरीदी थी. इसके बाद अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने पत्नी के नाम पर बन रहे निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया और एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है. तय समय में जवाब नहीं मिलने पर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई, जिसमें ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया भी शामिल हो सकती है.

सीसीटीवी जांच से खुला था पूरा मामला

राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला सीसीटीवी फुटेज की जांच और चढ़ावे की गिनती में कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद उजागर हुआ था. मंदिर ट्रस्ट की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरक्षाकर्मी समेत अन्य लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी और अन्य कीमती सामान भी बरामद किया जा चुका है. मामले के बाद राम जन्मभूमि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और चढ़ावे के ऑडिट सिस्टम को पहले की तुलना में और अधिक सख्त किया गया है.