Fatehpur Police Encounter: पुलिस-बदमाशों की बीच मुठभेड़, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, साथी फिरोज फरार

Newzo

• 10:36 AM • 03 Jul 2026

Fatehpur Police Encounter: फतेहपुर में शुक्रवार तड़के पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर शाहनवाज उर्फ साहिल के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उसका साथी फिरोज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने हथियार, बोलेरो और अन्य सामान बरामद कर तलाश तेज कर दी है.

 पुलिस-बदमाशों की बीच मुठभेड़, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, साथी फिरोज फरार

पुलिस-बदमाशों की बीच मुठभेड़, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, साथी फिरोज फरार

Google CTA

Fatehpur Police Encounter: जनपद के थाना कल्याणपुर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं वांछित अपराधी शाहनवाज उर्फ साहिल पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया. घायल बदमाश को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया, जबकि उसका साथी फिरोज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की भोर में बिंदकी रोड स्थित दादनखेड़ा मोड़ के पास संदिग्ध बोलेरो वाहन की चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वांछित अभियुक्त शाहनवाज उर्फ साहिल के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार अभियुक्त शाहनवाज उर्फ साहिल पुत्र मंसूर, निवासी ग्राम विसहिया, थाना हथिगवां, जनपद प्रतापगढ़, के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बोलेरो वाहन, एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

पुलिस का दावा है कि शाहनवाज उर्फ साहिल और उसका फरार साथी फिरोज यात्रियों को अपना निशाना बनाते थे. दोनों कथित रूप से सफर के दौरान खाने-पीने की वस्तुओं में नशीला पदार्थ मिलाकर यात्रियों को बेहोश कर देते थे और फिर उनसे नकदी, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे. पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित साथियों की भी जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शाहनवाज उर्फ साहिल के विरुद्ध फतेहपुर सहित विभिन्न जनपदों के थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है. थाना कल्याणपुर पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.