गर्लफ्रेंड के साथ पति को देख भड़की पत्नी, कार के बोनट पर लटकी... मयंक ने कई KM तक दौड़ा दी गाड़ी, फिर बीच सड़क पर पीटा!

उस्मान चौधरी

04 Oct 2026 (अपडेटेड: 04 Oct 2026, 03:25 PM)

उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति के साथ दूसरी महिला को कार में देखकर पत्नी के विरोध के बाद ऐसा विवाद हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आरोप है कि पत्नी ने कार में बैठी दूसरी महिला को उतारने की कोशिश की तो पति ने कार चला दी.

Meerut Husband Wife Dispute

Meerut Husband Wife Dispute

Google CTA

Meerut Husband Wife Dispute: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति के साथ दूसरी महिला को कार में देखकर पत्नी के विरोध के बाद ऐसा विवाद हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आरोप है कि पत्नी ने कार में बैठी दूसरी महिला को उतारने की कोशिश की तो पति ने कार चला दी. इस दौरान पत्नी कार के बोनट पर लटक गई और आरोप है कि पति कई किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा. महिला का आरोप है कि कार को दो बार डिवाइडर से भी टकराया गया. बाद में लोगों ने किसी तरह कार रुकवाई. आरोप है कि इसके बाद पति ने पत्नी के साथ मारपीट की. मामले में पुलिस ने पति मयंक और कथित गर्लफ्रेंड माही को गिरफ्तार कर कार सीज कर दी है.

यह भी पढ़ें...

दूसरी महिला के साथ देखकर हुआ विवाद

मामला मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र का है. काजीपुर निवासी सुनीता की शादी साल 2012 में किठौर थाना क्षेत्र के रहने वाले मयंक से हुई थी. शादी के बाद दोनों के बीच विवाद रहने लगा था. सुनीता के परिजनों की ओर से मयंक के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. फिलहाल सुनीता अपने बच्चों के साथ लोहिया नगर थाना क्षेत्र में ही रह रही थी.

हापुड़ रोड पर कार में दिखा पति

सुनीता को कथित तौर पर जानकारी मिली कि उसका पति मयंक किसी दूसरी महिला के साथ कार में है. इसके बाद वह हापुड़ रोड स्थित इंडियन ऑयल पंप के सामने पहुंची. आरोप है कि वहां सुनीता ने कार में बैठी महिला को बाहर निकालने की कोशिश की और पति का विरोध किया. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि इसके बाद मयंक ने कार चला दी और सुनीता कार के बोनट पर लटक गई.

कई किलोमीटर तक बोनट पर लटकी रही पत्नी

सुनीता की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि कार चलने के बाद वह बोनट पर लटकी रही. आरोप है कि मयंक ने कई किलोमीटर तक कार नहीं रोकी. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी जान लेने की कोशिश में कार को दो बार डिवाइडर से टकराया गया. इसके बावजूद वह किसी तरह बोनट पर लटकी रही. आगे जाकर लोगों ने कार को रुकवाया और महिला को बोनट से नीचे उतारा. आरोप है कि इसके बाद भी मयंक ने उसके साथ मारपीट की.

पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया. इसके बाद सुनीता थाने पहुंची और अपने पति मयंक तथा उसकी कथित गर्लफ्रेंड माही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. शिकायत में सुनीता ने आरोप लगाया कि उसने पति के साथ दूसरी महिला को देखा था और उसे कार से उतारने की कोशिश की. इसी दौरान पति ने उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिसके चलते वह कार के बोनट पर लटक गई. उसने जान से मारने की नीयत से कार को डिवाइडर से टकराने का भी आरोप लगाया है.

पति मयंक और गर्लफ्रेंड माही गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मयंक और माही को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को भी सीज कर दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सीओ संग्राम सिंह ने क्या बताया?

मेरठ के सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि 3 अक्टूबर को थाना लोहिया नगर में यह प्रकरण सामने आया. उनके मुताबिक काजीपुर निवासी सुनीता ने अपने पति मयंक को उसकी गर्लफ्रेंड माही के साथ देखा था. सुनीता ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई. सीओ के अनुसार आरोप है कि इसके बाद पति ने जान से मारने की नीयत से पत्नी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया. पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और मयंक व माही को गिरफ्तार कर लिया. गाड़ी को सीज कर दिया गया है और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है.