'बेटा अंदर है, फिर मुझसे क्यों नहीं मिलवा रहे....?' बेटे की तलाश में महाराष्ट्र से पहुंची उज्ज्वला, प्रेमानंद महाराज के आश्रम पर लगाए ये गंभीर आरोप!

यूपी तक

• 12:33 PM • 04 Oct 2026

मथुरा के प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम के बाहर इन दिनों आस्था के साथ सवाल और आरोप भी सुनाई दे रहे हैं. मामला आश्रम से जुड़े रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद और गरमा गया है.

Radha Keli Kunj Ashram News

Radha Keli Kunj Ashram News (Photo Edit By AI)

Google CTA

Radha Keli Kunj Ashram News: मथुरा के प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम के बाहर इन दिनों आस्था के साथ सवाल और आरोप भी सुनाई दे रहे हैं. मामला आश्रम से जुड़े रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद और गरमा गया है. इसी बीच कुछ परिवार अपने बच्चों की तलाश में आश्रम पहुंचे और गंभीर आरोप लगाए. महाराष्ट्र के संभाजीनगर से आई उज्ज्वला ने अपने बेटे ओम परमेश्वर को लेकर दावा किया कि वह आश्रम में है, लेकिन उसे बेटे से मिलने नहीं दिया जा रहा. वहीं हाथरस के 17 साल अनुज के परिवार ने भी उसके तीन महीने से लापता होने की बात कही थी. बाद में पुलिस ने अनुज को बरसाना के एक आश्रम से बरामद कर लिया.

यह भी पढ़ें...

बेटे को मिलने नहीं दिया तो मां ने जताया गुस्सा

संभाजीनगर की रहने वाली उज्ज्वला अपने बेटे ओम परमेश्वर की तस्वीर लेकर आश्रम पहुंची थीं. उनका कहना है कि बेटा करीब आठ महीने पहले प्रेमानंद महाराज से प्रभावित होकर यहां आया था. उज्ज्वला के मुताबिक उन्होंने बेटे को पढ़ाई के लिए भेजा था. बेटे के आश्रम आने के बाद उन्हें उससे मिलने में परेशानी हुई. उन्होंने दावा किया कि गुरु पूर्णिमा के दौरान पुलिस की मदद से वह आश्रम के अंदर गईं, लेकिन वहां भी उन्हें बेटे से नहीं मिलवाया गया.

मां ने लगाए गंभीर आरोप

उज्ज्वला का आरोप है कि आश्रम की ओर से उन्हें बताया गया कि उनका बेटा ठीक है, लेकिन मुलाकात नहीं कराई गई. उन्होंने कहा कि उन्हें गंगा किनारे करीब तीन घंटे बैठाया गया, फिर भी बेटे से नहीं मिलवाया गया. उज्ज्वला ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा कौन सा आश्रम है जहां मां को अपने बेटे से मिलने की अनुमति नहीं है. उन्होंने कहा कि मां से बढ़कर कोई भगवान नहीं हो सकता. बेटे को तत्काल वापस दिलाने की मांग की है.

कई परिवार बच्चों की तस्वीर लेकर पहुंचे आश्रम

उज्ज्वला अकेली नहीं थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे कई परिवार आश्रम के बाहर अपने बच्चों की तस्वीरें लेकर पहुंचे. कासगंज की आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले 16 वर्षीय मयंक के परिजनों ने बताया कि वह 7 अगस्त को प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने की बात कहकर घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा. वहीं मथुरा के देवी आर्ट्स से जुड़े एक परिवार के बेटे के भी गायब होने की बात सामने आई. इन परिवारों ने आश्रम के बाहर अपने बच्चों को लेकर चिंता जताई.

अनुज को पुलिस ने बरामद किया

इन आरोपों के बीच हाथरस के अनुज को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई. परिवार ने दावा किया था कि 17 वर्षीय अनुज करीब तीन महीने से लापता है. इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की. बरसाना पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान अनुज को एक आश्रम से बरामद किया. सामने आई तस्वीरों में उसकी पोशाक बदली हुई नजर आई. उसके गले में माला और माथे पर चंदन लगा हुआ था. पुलिस द्वारा उसे बरामद किए जाने के बाद इस मामले ने और ध्यान खींचा.

परिवारों और सेवकों में हुआ विवाद

बच्चों की तलाश में पहुंचे परिवारों का गुस्सा भी सामने आया. वे आश्रम के बाहर धरने पर बैठने की बात करते दिखे. इस दौरान आश्रम के सेवकों और परिवारों के बीच बहस की स्थिति भी बनी. आश्रम से जुड़े लोगों ने परिवारों के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उन्हें अपने बच्चों की चिंता थी तो उन्हें आश्रम भेजा ही क्यों गया. वहीं परिवार अपने बच्चों से मिलने और उनके बारे में जानकारी देने की मांग करते रहे.

समर्थकों ने बताया साजिश

विवाद के बीच प्रेमानंद महाराज के समर्थकों की ओर से आरोपों को आश्रम और महाराज को बदनाम करने की साजिश बताया गया. वहीं राधा केली कुंज ट्रस्ट प्रबंधन की ओर से फेसबुक पेज पर एक अपील जारी की गई. ट्रस्ट ने कहा कि हाल की घटना से महाराज और उनके अनुयायी आहत हैं. ट्रस्ट ने रसिक दुलारी के परिवार के प्रति सहानुभूति जताई और पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष व तथ्यात्मक जांच में सहयोग देने की बात कही. साथ ही जांच पूरी होने तक अधूरी जानकारी, अफवाह और पूर्वानुमान के आधार पर आश्रम या महाराज की छवि खराब न करने की अपील की.

रसिक दुलारी की मौत के बाद बढ़ा पूरा विवाद

रसिक दुलारी शरण की मौत 25 सितंबर को श्री हित राधा केली कुंज से जुड़े आश्रम गुरु कृपा कुंज की चार मंजिला इमारत से गिरने के बाद हुई थी. उनकी मौत के बाद घटना को लेकर कई सवाल उठे और मामला चर्चा में आया. इसके बाद बच्चों को लेकर परिवारों के आरोप सामने आने से राधा केली कुंज आश्रम भी सवालों के घेरे में आ गया.