Amethi News: जिले में हुई बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने और शुक्रवार को निकली तेज धूप के कारण लोगों को पूरे दिन उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा. घरों से बाहर निकलते ही लोगों को चिपचिपाहट और गर्म हवाओं का एहसास हुआ। दोपहर के समय बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ दिखाई दी. कई लोग धूप से बचने के लिए पेड़ों और शेड की छांव का सहारा लेते नजर आए.
ADVERTISEMENT
शुक्रवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और धूप तेज होने के साथ ही उमस का असर बढ़ता गया. सबसे अधिक परेशानी दफ्तरों, बाजारों और सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों को हुई. बिजली कटौती वाले क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं.
मौसम विभाग के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण तापमान सामान्य होने के बावजूद लोगों को अधिक गर्मी महसूस हुई.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि हाल में हुई बारिश के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है. तेज धूप निकलने से उमस बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT











