Amethi Weather News: उमस से बेहाल अमेठी, धान की रोपाई के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए किसान

Newzo

• 06:11 PM • 02 Jul 2026

Amethi Weather News Today: हल्की बारिश के बाद भी अमेठी में उमस और गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. धान की रोपाई के लिए किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं. मौसम विभाग ने जल्द मानसून के सक्रिय होने और आने वाले दिनों में बेहतर वर्षा की संभावना जताई है.

उमस से बेहाल अमेठी, धान की रोपाई के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए किसान

उमस से बेहाल अमेठी, धान की रोपाई के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए किसान

Google CTA

Amethi News: जिले में बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन गुरुवार को मौसम ने अलग ही रूप दिखाया. सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई। सुबह के समय तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वातावरण में नमी अधिक होने के कारण लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक गर्मी महसूस हुई.

यह भी पढ़ें...

बारिश के बाद तेज धूप निकलने से पूरे दिन उमस भरा मौसम बना रहा। बाजारों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को पसीने और गर्मी से परेशान होते देखा गया. दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम रही। लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए.

सबसे अधिक चिंता किसानों को सता रही है. जिले में धान की रोपाई का समय चल रहा है और किसान अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं. किसानों का कहना है कि बुधवार को हुई हल्की बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी नहीं भर सका. धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों के लिए लगातार और अच्छी वर्षा की आवश्यकता है. यदि आने वाले दिनों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो सकते हैं.

ग्रामीण क्षेत्रों में किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मानसून के सक्रिय होने का इंतजार कर रहे हैं. इस संबंध में मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि हल्की बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ जाने से उमस अधिक महसूस हो रही है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जिससे जिले में अच्छी बारिश हो सकती है. किसानों को मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमानों पर नजर रखनी चाहिए.

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं. किसानों और आमजन को उम्मीद है कि जल्द ही अच्छी बारिश होगी, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी तथा कृषि कार्यों को गति मिलेगी.