Amethi News: अमेठी में गलत लोकेशन ने बिगाड़ा भविष्य, परीक्षा केंद्र के भ्रम में छूटी यूपीटीईटी परीक्षा

Newzo

• 05:02 PM • 02 Jul 2026

Amethi UPTET Exam Centre News: अमेठी में यूपीटीईटी के पहले दिन प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र का स्पष्ट पता न होने से कई अभ्यर्थी गलत केंद्र पहुंच गए और परीक्षा से वंचित रह गए. गूगल मैप के सहारे पहुंचे अभ्यर्थियों ने भविष्य में केंद्र का पूरा पता और सटीक लोकेशन दर्ज करने की मांग की.

अमेठी में गलत लोकेशन ने बिगाड़ा भविष्य, परीक्षा केंद्र के भ्रम में छूटी यूपीटीईटी परीक्षा

अमेठी में गलत लोकेशन ने बिगाड़ा भविष्य, परीक्षा केंद्र के भ्रम में छूटी यूपीटीईटी परीक्षा

Google CTA

 Amethi News: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) के पहले दिन परीक्षा केंद्र के पते में स्पष्ट जानकारी न होने के कारण कई अभ्यर्थी भ्रमित हो गए और उनकी परीक्षा छूट गई. प्रवेश पत्र में समान विवरण अंकित होने से अभ्यर्थी गूगल मैप के सहारे परीक्षा केंद्र खोजते हुए अमेठी शहर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंच गए, जबकि उनका वास्तविक परीक्षा केंद्र मुसाफिरखाना में था.

यह भी पढ़ें...

प्रयागराज निवासी सुमित शुक्ला ने बताया कि प्रवेश पत्र में केवल “रामलीला ग्राउंड” और “नियर बस स्टॉप” लिखा था. इसी आधार पर उन्होंने गूगल मैप में परीक्षा केंद्र खोजा, जिससे वह अमेठी शहर पहुंच गए. यहां आने पर पता चला कि उनका केंद्र मुसाफिरखाना में है. उन्होंने बताया कि उनके साथ करीब 12 अन्य अभ्यर्थियों की भी परीक्षा इसी वजह से छूट गई.

अंशुमान तिवारी ने बताया कि केंद्र का पूरा नाम और स्थान स्पष्ट न होने से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी रही. सही केंद्र की जानकारी मिलने तक परीक्षा शुरू होने का समय हो चुका था और वहां तक पहुंचना संभव नहीं था.

नेहा मिश्रा ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर पहुंचे कई अभ्यर्थी एक-दूसरे से सही केंद्र का पता पूछते रहे। सभी के प्रवेश पत्र पर लगभग एक जैसा पता अंकित होने के कारण भ्रम और बढ़ गया. बाद में जानकारी मिली कि उनका केंद्र मुसाफिरखाना में निर्धारित है.

अभ्यर्थी आदित्य पांडेय ने कहा कि यदि प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र का पूरा नाम, कस्बे का नाम और सटीक लोकेशन दर्ज होती तो यह स्थिति नहीं बनती. उन्होंने कहा कि गूगल मैप के सहारे केंद्र खोजने वाले कई अभ्यर्थी गलत स्थान पर पहुंच गए और परीक्षा देने से वंचित रह गए.

अभ्यर्थियों ने मांग की है कि भविष्य में प्रवेश पत्रों में परीक्षा केंद्र का पूरा पता और स्पष्ट स्थान अंकित किया जाए, ताकि किसी भी परीक्षार्थी का भविष्य ऐसी तकनीकी त्रुटियों के कारण प्रभावित न हो.