Amethi Weather: अमेठी में 40 डिग्री तापमान के बीच उमस ने किया बेहाल, अगले कुछ दिन मौसम में उतार-चढ़ाव और हल्की बारिश की संभावना

Amethi Weather News: अमेठी में 40 डिग्री तापमान और बढ़ी नमी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव और हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन उमस से तत्काल राहत मिलने के आसार कम बताए हैं.

अमेठी में 40 डिग्री तापमान के बीच उमस ने किया बेहाल, अगले कुछ दिन मौसम में उतार-चढ़ाव और हल्की बारिश की संभावना

अमेठी में 40 डिग्री तापमान के बीच उमस ने किया बेहाल, अगले कुछ दिन मौसम में उतार-चढ़ाव और हल्की बारिश की संभावना

Newzo

• 01:07 PM • 27 Jun 2026

follow google news

Amethi Weather: शुक्रवार को हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन शनिवार को मौसम ने फिर करवट बदल ली. वातावरण में बढ़ी नमी और तेज धूप के कारण जिलेभर में उमस का प्रकोप बढ़ गया. बादलों की आवाजाही के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी. दिनभर चिपचिपी गर्मी बनी रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा. बाजारों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को उमस के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा.

यह भी पढ़ें...

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, लेकिन वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण उमस से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं. उन्होंने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव करने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि तापमान सामान्य से बहुत अधिक नहीं था, लेकिन हवा में नमी की मात्रा बढ़ जाने से गर्मी का एहसास कहीं अधिक हुआ. दोपहर के समय तेज धूप निकलने से स्थिति और भी असहज हो गई. सड़कों पर निकलने वाले लोग छाता, गमछा और टोपी का सहारा लेते दिखाई दिए. कई स्थानों पर लोग पेड़ों की छांव और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों के आसपास राहत तलाशते नजर आए.

स्थानीय निवासी राहुल कुमार ने बताया कि थोड़ी दूर पैदल चलने पर ही शरीर पसीने से तरबतर हो जा रहा है. उन्होंने कहा कि उमस के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. वहीं, चौक बाजार के कपड़ा व्यापारी अनिल तिवारी ने बताया कि दोपहर के समय ग्राहकों की संख्या काफी कम रही, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ. किराना व्यापारी लालचंद्र ने भी बताया कि उमस के कारण बाजार में दोपहर के समय सन्नाटा छाया रहा और शाम होने के बाद ही लोगों की आवाजाही बढ़ी. उमस का असर किसानों और पशुपालकों पर भी दिखाई दिया. खेतों में काम करने वाले किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जबकि पशुओं को भी गर्मी और बेचैनी से राहत दिलाने के लिए अतिरिक्त देखभाल करनी पड़ी.