Amethi Political News: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण को लेकर अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. मामले के सामने आने के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस नेताओं ने आरोपों की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए. यहां से कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला, जो कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और श्रीराम मंदिर चंदा प्रकरण में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए.
विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज कस्बे में व्यापक भ्रमण कर लोगों को इस मुद्दे की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती. इसके बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में मांग की गई कि श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण की उच्च स्तरीय और स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए. साथ ही दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि जनता का विश्वास बना रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं और आस्था से जुड़े धन की पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है.
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की भावनाओं और धार्मिक आस्था का सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा समर्पित धन का सही उपयोग होना चाहिए और यदि कहीं गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए.
ज्ञापन कार्यक्रम में पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, फतेह बहादुर, नगर पालिका परिषद जायस की अध्यक्ष मनीषा चौहान, कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह, किरण देवी, ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव, अर्जुन पासी, राजू पंडित, गीता सिंह, रामलखन शुक्ला, राजीव सिंह, सूर्यभान तिवारी, ममता पांडेय, शुभम सिंह, सुमित तिवारी, मोहम्मद मतीन, देवमणि तिवारी, अरविन्द चतुर्वेदी, अजय सिंह, तुलसीराम पासी सहित पांचों विधानसभा प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT










