Amethi News: बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. आजमगढ़ से लुधियाना जा रही एक डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. हादसे में बस चालक समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि चालक करीब डेढ़ घंटे तक बस के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसा रहा.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 68 के पास तेज रफ्तार बस अचानक सामने चल रहे ट्रक से पीछे से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. बस में कुल 42 यात्री सवार थे.
बस के कंडक्टर कमलजीत सिंह ने बताया कि ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण यह हादसा हुआ. बस चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और बस ट्रक में घुस गई.
सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम और बाजार शुकुल पुलिस मौके पर पहुंची. रेस्क्यू टीम ने गैस कटर की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे में चालक, कंडक्टर समेत चार से पांच लोग घायल हुए हैं.
सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुक्ल बाजार भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक और कंडक्टर को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर कर दिया गया. अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिनका उपचार कर उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया.
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT










