Amethi News: अमेठी में स्थापित होंगे विशिष्ट वन, शहीदों के नाम पर बनेगा वंदेमातरम वन

Amethi Environment News: अमेठी में शहीदों की स्मृति में वंदेमातरम वन और औषधीय पौधों से महर्षि चरक वन विकसित किए जाएंगे. 15 अगस्त से अभियान शुरू होगा. समृद्धि वन योजना के तहत किसानों के खेतों की मेड़ों पर फलदार पौधे लगाए जाएंगे, जिससे हरित क्षेत्र बढ़ने के साथ उनकी आय में भी इजाफा होगा.

 अमेठी में स्थापित होंगे विशिष्ट वन, शहीदों के नाम पर बनेगा वंदेमातरम वन

अमेठी में स्थापित होंगे विशिष्ट वन, शहीदों के नाम पर बनेगा वंदेमातरम वन

Newzo

• 12:02 PM • 27 Jun 2026

follow google news

Amethi News: जिले में वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के विशिष्ट वनों की स्थापना की जाएगी. इसके तहत शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में वंदेमातरम वन व औषधीय पौधों से युक्त महर्षि चरक वन विकसित किए जाएंगे. साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के लिए समृद्धि वन योजना के अंतर्गत खेतों की मेड़ों पर फलदार पौधों का रोपण कराया जाएगा.

यह भी पढ़ें...

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) रणबीर मिश्रा ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए शासन के निर्देश पर जिले के सभी विकास खंडों में विशिष्ट वनों की स्थापना की जाएगी. उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है और इसमें जनता की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है.

15 अगस्त को होगा शुभारंभ

डीएफओ ने बताया कि महर्षि चरक वन में औषधीय गुणों से भरपूर पौधों और वृक्षों का रोपण किया जाएगा. इनमें हर्रा, बहेड़ा, जामुन, अर्जुन समेत अन्य औषधीय महत्व वाले पौधे शामिल होंगे. वहीं वंदेमातरम वन की स्थापना स्वतंत्रता सेनानियों और देश के शहीदों को समर्पित होगी, जिसका शुभारंभ 15 अगस्त के अवसर पर किया जाएगा.

किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर

इसके अलावा समृद्धि वन योजना के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा. इस योजना के तहत किसानों के खेतों की मेड़ों पर फलदार वृक्ष लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें कृषि उत्पादन के साथ-साथ फलों से भी अतिरिक्त आय प्राप्त हो सकेगी. वन विभाग का मानना है कि इन योजनाओं से न केवल जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, औषधीय पौधों के संवर्धन और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।