दूसरे पति के साथ हनीमून मना रही मेरठ की ज्योति चौधरी को उठा ले आई पुलिस, फिर सामने आई गजब कहानी

उस्मान चौधरी

• 06:11 PM • 05 Jul 2026

Meerut Crime News: मेरठ में लूट की मुख्य आरोपी ज्योति चौधरी इंस्टाग्राम रील्स के चलते पुलिस के हत्थे चढ़ गई. फरारी के दौरान दूसरी शादी कर हरिद्वार में हनीमून मना रही थी. टेक्निकल सर्विलांस से पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

Meerut Crime News: Jyoti Chaudhary

Meerut Crime News: Jyoti Chaudhary

Google CTA

Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में इंस्टाग्राम रील बनाना एक शातिर महिला अपराधी को बेहद भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर रील्स पोस्ट कर पुलिस की कार्यप्रणाली को सरेआम चुनौती देने वाली ज्योति चौधरी नाम की लुटेरी हसीना अब जेल की सलाखों के पीछे है. पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हुई यह मुख्य आरोपी अपने दूसरे पति के साथ उत्तराखंड के हरिद्वार में हनीमून मना रही थी. लेकिन महंगे शौक और इंस्टाग्राम का चस्का ही उसके पकड़े जाने की सबसे बड़ी वजह बन गया. मेरठ पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से फिल्मी अंदाज में हरिद्वार में दबिश देकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला

इस पूरे मामले की शुरुआत मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र से होती है. बीते 12 जून की रात मुजफ्फरनगर के रहने वाले आकाश शर्मा अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. जैसे ही वह सरधना पाली कावड़ पटरी मार्ग के पास पहुंचे तभी दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने आकाश के साथ बेरहमी से मारपीट की और उनकी बाइक व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए. पीड़ित आकाश ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि इस सनसनीखेज लूट को अंजाम देने वाले गैंग में एक लड़की भी शामिल थी जो बेहद शातिर तरीके से पूरे वारदात को लीड कर रही थी.

पुलिस को ठेंगा दिखाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की रील

सरधना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की और गैंग के तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके पास से लूटी हुई बाइक और मोबाइल भी बरामद कर लिया था. लेकिन इस पूरे गैंग की मुख्य मास्टरमाइंड यानी किठौर के छुछाई गांव की रहने वाली ज्योति चौधरी लगातार फरार चल रही थी. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर खाक छान रही थीं. लेकिन इसी फरारी के दौरान ज्योति ने पुलिस का मजाक उड़ाते हुए इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट कर दी और पुलिस को खुली चुनौती दे डाली.

फरारी के बीच दूसरी शादी और हरिद्वार में हनीमून

वीडियो वायरल होते ही मेरठ पुलिस का पारा चढ़ गया और सर्विलांस टीम ने ज्योति के सोशल मीडिया अकाउंट्स को रडार पर ले लिया. इसी बीच पुलिस को चकमा दे रही ज्योति ने 23 जून को मोहित नाम के एक युवक से दूसरी शादी रचा ली. शादी के तुरंत बाद दोनों हनीमून मनाने के लिए हरिद्वार रवाना हो गए. ज्योति को लगा कि वह अब उत्तर प्रदेश पुलिस की पहुंच से बहुत दूर उत्तराखंड आ चुकी है. इसलिए वह बेफिक्र होकर हरिद्वार के घाटों से लगातार इंस्टाग्राम पर रील्स और पोस्ट शेयर करने लगी.

ऐसे पकड़ी गई ज्योति

ज्योति की यही लापरवाही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई. मेरठ पुलिस की टेक्निकल सर्विलांस टीम लगातार उसके इंस्टाग्राम अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी. रील्स अपलोड होते ही पुलिस ने उसकी लाइव लोकेशन को पूरी सटीकता से ट्रेस कर लिया. इसके बाद शनिवार की सुबह मेरठ पुलिस की एक विशेष टीम ने हरिद्वार में अचानक दबिश दी और ज्योति चौधरी को उसके नए पति के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस पूछताछ और जांच में ज्योति चौधरी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, ज्योति पहले रागिनी कार्यक्रमों में बतौर डांसर काम करती थी. उसकी पहले भी एक शादी हो चुकी थी. अपने महंगे शौक, ऐशो-आराम की जिंदगी की चाहत और रील्स बनाने के चस्के को पूरा करने के लिए उसने अपराध का रास्ता चुना. वह अपने मौजूदा पति और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर राहजनी, लूट और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने लगी थी.

फिलहाल पुलिस ज्योति को मेरठ लाकर आगे की गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इस क्षेत्र में और कितनी लूट की वारदातों को अंजाम दिया है. मेरठ पुलिस की इस मुस्तैदी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधी चाहे कितना भी डिजिटल और शातिर क्यों न हो जाए वह कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता. सोशल मीडिया पर स्वैग दिखाने वाली ज्योति अब जेल की सलाखों के पीछे अपने कर्मों की सजा भुगत रही है.