Bareilly accident News: शाही थाना क्षेत्र के तुरसा गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में जर्जर मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया. हादसे में 70 वर्षीय नत्थो देवी और उनकी छह वर्षीय नातिन दीपांजलि की मलबे में दबकर मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे नत्थो देवी अपने घर के बाहर चारपाई पर नातिन दीपांजलि और 10 वर्षीय पोते संदेश के साथ बैठी थीं. इसी दौरान संदेश पढ़ाई के लिए पेंसिल लेने घर के अंदर चला गया. उसके जाते ही अचानक जर्जर छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा, जिससे नत्थो देवी और दीपांजलि मलबे में दब गईं. आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला.
घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
मृतका के परिजन जगदीश प्रसाद ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है. नौ बीघा कृषि भूमि और मजदूरी के सहारे परिवार का गुजारा होता है. आर्थिक तंगी के कारण जर्जर मकान की मरम्मत नहीं कराई जा सकी. पंचायत सचिव अंजलि के अनुसार नत्थो देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन किया था, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल सकी थी.
सूचना पर शाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ मीरगंज ने बताया कि यह एक दुखद हादसा है और मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT











