Bareilly Water Crisis News: मीरगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम बगरऊ में ग्रामीण दूषित पानी पीने को मजबूर हैं. गांव के निवासी यदुवीर ने इस गंभीर समस्या को लेकर तहसील प्रभारी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन का घरेलू कनेक्शन जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि स्वच्छ पेयजल की सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
ADVERTISEMENT
यदुवीर ने बताया कि गांव में लंबे समय से हैंडपंपों और अन्य स्थानीय जल स्रोतों का पानी दूषित हो चुका है. मजबूरी में ग्रामीण इसी पानी का उपयोग पीने और घरेलू कार्यों के लिए कर रहे हैं. इससे बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. सरकार की ओर से जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की टंकी का निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का कार्य तो पूरा कर दिया गया, लेकिन कई घरों में अब तक घरेलू कनेक्शन नहीं दिए गए हैं.
पहले भी जिला प्रशासन को की गई थी शिकायत
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी जिला प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन कनेक्शन न मिलने के कारण ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.
घरेलू कनेक्शन उपलब्ध कराने की माँग
प्रार्थना पत्र में यदुवीर ने मांग की है कि गांव के सभी पात्र परिवारों को शीघ्र जलापूर्ति का घरेलू कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को दूषित पानी पीने की मजबूरी से राहत मिल सके. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में दूषित पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा और बढ़ जाता है. ऐसे में प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित हो सके. अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं.
ADVERTISEMENT











