Bareilly News: गांव की राजनीति में फंसा हल्दी कलां सीसी रोड निर्माण, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार

Newzo

• 02:46 PM • 04 Jul 2026

Bareilly Village Development News: गांव की राजनीति में विकास कार्य अटक गया है. बरेली के हल्दी कलां में प्रस्तावित सीसी सड़क का निर्माण आपसी विवाद और प्रशासनिक उदासीनता के चलते शुरू नहीं हो सका. बरसात में कीचड़ और जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं. लोगों ने एसडीएम से निष्पक्ष जांच कर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है.

 गांव की राजनीति में फंसा हल्दी कलां सीसी रोड निर्माण, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार

गांव की राजनीति में फंसा हल्दी कलां सीसी रोड निर्माण, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार

Google CTA

Bareilly Village Development News:  मीरगंज तहसील और विकास खंड शेरगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत हल्दी कलां में प्रस्तावित सीसी सड़क का निर्माण कार्य गांव की राजनीति और आपसी विवादों के चलते अधर में लटका हुआ है. सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों को विशेषकर बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मामले को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

ग्रामीण सत्य प्रकाश गुप्ता और राम प्रकाश गुप्ता ने शिकायत में बताया कि उनके मकान के पास लगभग 84 फुट लंबी सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है. सड़क निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने 13 अक्टूबर 2024 को खंड विकास अधिकारी को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया.

जिम्मेदार अधिकारी सड़क निर्माण को लेकर गंभीर नहीं

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ग्राम पंचायत स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी सड़क निर्माण को लेकर गंभीर नहीं हैं. उनका कहना है कि ग्राम सचिव और पंचायत सहायक की उदासीनता के कारण मामला लंबे समय से लंबित पड़ा है. वहीं, गांव के कुछ लोगों द्वारा निजी रंजिश और राजनीतिक कारणों से सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्न किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.

कीचड़ और जलभराव से होती है परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में कच्चा रास्ता कीचड़ और जलभराव से भर जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है. बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है. कई बार लोगों को जरूरी कार्यों के लिए भी वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है.

विकास कार्यों को व्यक्तिगत विवादों में ना उलझाएँ 

ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि किसी सक्षम अधिकारी को मौके पर भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि सड़क निर्माण प्रस्तावित है तो उसे जल्द शुरू कराया जाए. उनका कहना है कि विकास कार्यों को व्यक्तिगत विवादों और गांव की राजनीति का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बरसात में हालात और गंभीर हो सकते हैं. प्रशासन से जनहित में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की गई है.