Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के जानी थाना क्षेत्र की दो युवतियों की कथित प्रेम कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रही है. दावा किया जा रहा है कि दोनों युवतियां एक-दूसरे से बेहद प्यार करती हैं और समाज की परवाह किए बिना साथ रहना चाहती हैं.
ADVERTISEMENT
चर्चा तो यहां तक है कि दोनों ने आपसी सहमति से शादी भी कर ली थी. कहानी में ट्विस्ट तब आया जब घरवालों को इसकी भनक लगी और उन्होंने आनन-फानन में एक युवती की शादी दिल्ली में करा दी. इसके बाद जो हुआ, उसने फिल्मी स्क्रिप्ट को भी पीछे छोड़ दिया...
दिल्ली से सहेली को वापस लाई प्रेमिका
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि दूसरी युवती हार मानने को तैयार नहीं थी. वह कथित तौर पर पुलिस को साथ लेकर दिल्ली स्थित अपनी सहेली की ससुराल पहुंच गई और उसे अपने साथ वापस मेरठ ले आई. इंटरनेट पर इसी घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो तेजी से घूम रहा है, जिसमें युवती खुद अपनी बात रखती नजर आ रही है.
"पति से शिकायत नहीं, पर सहेली के साथ रहना है"
वायरल वीडियो में दिखाई दे रही युवती साफ तौर पर कहती सुनाई दे रही है कि वह किसी लड़के से शादी नहीं करना चाहती थी. उसने अपने घरवालों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी.
"मुझे अपने पति या ससुराल वालों से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन मैं अपनी सहेली के साथ ही रहना चाहती हूं. मैं तलाक लेना चाहती हूं और यह बयान किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से दे रही हूँ."
क्या है जमीनी हकीकत?
इस पूरे मामले में एक पेंच यह भी है कि अभी तक मेरठ पुलिस या प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. दोनों युवतियों के परिवार वाले भी इस संवेदनशील मुद्दे पर खुलकर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं.
चूंकि मामला दो युवतियों के आपसी जुड़ाव और सामाजिक बंधनों से जुड़ा है, इसलिए स्थानीय स्तर पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं. डिजिटल मीडिया पर लोग इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT











