पति को सांप से कटवाकर मार दिया! मेरठ की दामिनी ने 20 लाख के बीमा के लिए BF के साथ मिल अपने ही सुहाग को ही उजाड़ डाला!

उस्मान चौधरी

• 09:03 AM • 18 Jul 2026

मेरठ के हस्तिनापुर में सांप के डसने से युवक की मौत का मामला हत्या का निकला. पुलिस के मुताबिक, मृतक अतुल की पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर पहले उसे नींद की गोलियां देकर बेहोश किया, फिर जहरीले सांप से डसवाकर हत्या कर दी. पुलिस का कहना है कि वारदात के पीछे 20 लाख रुपये का बीमा और प्रेम संबंध वजह रहे.

Meerut Snake Murder Case

Meerut Snake Murder Case (Photo Enhanced by AI)

Google CTA

Meerut Snake Murder Case: मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में पहले सांप के डसने से हुई एक युवक की मौत का मामला अब हत्या की साजिश में बदल गया है. पुलिस के मुताबिक, मृतक अतुल की पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई. आरोप है कि पहले युवक को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर बेहोश किया गया और फिर जहरीले सांप से डसवाकर उसकी जान ले ली गई. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे 20 लाख रुपये की बीमा राशि और प्रेम संबंध मुख्य है. फिलहाल मामले का खुलासा मेरठ पुलिस ने कुछ ही घंटों में कर दिया.

यह भी पढ़ें...

सांप के डसने की कहानी पर शुरू से था पुलिस को शक

पुलिस के अनुसार 35 साल का अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर के रामलीला मैदान स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे. दोनों ने साल 2019 में प्रेम विवाह किया था. शुक्रवार सुबह दामिनी अपने पति को सांप के काटने की बात कहकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौके पर अतुल के बिस्तर में एक सांप भी मिला, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां पुलिस को सामान्य नहीं लगीं. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की गई.

मोबाइल जांच से खुली पूरी साजिश

जांच के दौरान पुलिस ने दामिनी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की. इसमें स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से उसके लगातार संपर्क सामने आए. पूछताछ में तुषार ने बताया कि उसका दामिनी से प्रेम संबंध था. पुलिस के मुताबिक दोनों ने मिलकर अतुल को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई. योजना के तहत गुरुवार रात अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां दी गईं. इसके बाद सोनू और उदय की मदद से जहरीले सांप को कमरे में लाकर कंबल में छोड़ दिया गया, जिससे सांप ने अतुल को डस लिया और उसकी मौत हो गई.

20 लाख की बीमा राशि भी बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था. आरोप है कि बीमा की रकम मिलने के बाद सोनू और उदय को पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था. जांच में यह भी पता चला कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने अतुल की अर्टिगा कार में टक्कर मारकर उसकी हत्या की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट पहने होने की वजह से वह बच गया था. इसके बाद आरोपियों ने नई साजिश रचकर सांप का इस्तेमाल किया.

एसएसपी ने क्या बताया?

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया थाना हस्तिनापुर पुलिस को अतुल पंवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और बिस्तर में सांप मिलने की सूचना मिली थी. शुरुआती जांच में ही घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य नहीं लगीं. तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल जांच के दौरान दामिनी और स्कूल के ड्राइवर तुषार के बीच लगातार संपर्क मिला. पूछताछ में पूरी साजिश सामने आ गई. आरोपियों के मोबाइल से डिब्बे में बंद सांप की फोटो भी मिली है. बरामद सांप को भी परीक्षण के लिए भेजा गया है. फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को एफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.'

पुलिस ने चंद घंटों में किया सनसनीखेज खुलासा

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ही घटनास्थल की परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े किए थे. इसी आधार पर तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल फोन से मिले साक्ष्य और पूछताछ के जरिए पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया गया. पुलिस ने बताया कि अब बरामद सांप, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, जबकि सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.