Raebareli News: जनपद में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है. शुक्रवार की शाम को हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों ने राहत की सांस ली थी, वहीं शनिवार को शुरू हुआ उमस का दौर रविवार को भी बदस्तूर जारी है. रविवार की सुबह से ही आसमान में काले-घने बादलों ने डेरा डाल रखा है, जिससे धूप की तपिश तो कम है, लेकिन हवा बंद होने के कारण लोग पसीने से तर-बतर हो रहे हैं. हालांकि, बादलों की इस घेराबंदी को देखकर आज फिर से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
शुक्रवार की राहत के बाद वीकेंड पर उमस का टॉर्चर
बीते शुक्रवार की शाम को अचानक बदले मौसम के बाद जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई थी. बारिश होने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से खासी राहत मिली. लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं टिकी. शनिवार को दिनभर लोग उमस से परेशान रहे और अब रविवार को भी स्थिति वैसी ही बनी हुई है. हवा की रफ्तार पूरी तरह थमने के कारण वातावरण में नमी का स्तर काफी बढ़ गया है.
उमस भरी इस चिपचिपी गर्मी ने छुट्टी के दिन भी लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. घरों में चल रहे कूलर और पंखे भी इस उमस के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं. लोग इस चिपचिपी गर्मी से बचने के लिए बार-बार ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं.
बाजारों में सन्नाटा, बिजली कटौती ने बढ़ाई मुसीबत
रविवार की छुट्टी होने के बावजूद उमस का सीधा असर शहर के बाजारों और सड़कों पर देखने को मिल रहा है. दोपहर के समय बेहद जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं, ग्रामीण और कस्बाई इलाकों से बिजली ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिसने इस भीषण उमस में आम जनजीवन की दिक्कतों को दोगुना कर दिया है.
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस समय क्षेत्र के ऊपर एक मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय है. इसी के प्रभाव से रविवार को भी आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही बनी हुई है.
जिले में अगले 24 घंटों के भीतर कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. बिजली गिरने (वज्रपात) की भी आशंका जताई गई है, इसलिए किसानों और आम जनता को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT











