मेरठ में पति को सांप से कटवाकर मारने वाली दामिनी ने हाथ पर बनवाया था टैटू, लिखवाए थे ये 3 शब्द

उस्मान चौधरी

• 11:45 AM • 20 Jul 2026

मेरठ के सांप मर्डर केस में पुलिस जांच में दामिनी, अतुल और तुषार के रिश्तों की चौंकाने वाली कहानी सामने आई है. पुलिस का दावा है कि प्रेम संबंध के चलते अतुल की हत्या की साजिश रची गई, जिसमें सांप से डंसवाने की योजना बनाई गई.

Meerut Snake Murder Case

Meerut Snake Murder Case (Photo Enhanced By AI)

Google CTA

Meerut Snake Murder Case: मेरठ के चर्चित ‘सांप मर्डर केस’ में पुलिस जांच के बाद रिश्तों की एक अजीब ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, छह साल पहले लव मैरिज करने वाली दामिनी ने अपने पति अतुल पंवार के नाम का टैटू अपने हाथ पर बनवाया था, लेकिन बाद में उसके स्कूल ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से लव अफेयर होने का दावा किया गया. पुलिस का आरोप है कि इसी रिश्ते के चलते अतुल की हत्या की साजिश रची गई. जांच के अनुसार पहले कार से टक्कर मारकर हत्या की कोशिश की गई और फिर जहरीले सांप के जरिए मौत देने की योजना बनाई गई. हालांकि मामले में आगे की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें...

छह साल पहले प्यार की निशानी बना था टैटू

दामिनी के बाएं हाथ पर बड़े अक्षरों में लिखा टैटू ‘अतुल की गुजरी’ कभी उसके और अतुल पंवार के रिश्ते की पहचान हुआ करता था. पुलिस के मुताबिक, साल 2019 में दोनों ने परिवार की नाराजगी के बावजूद प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों ने साथ जिंदगी शुरू की और अपना सपना पूरा करने के लिए हस्तिनापुर में कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल भी शुरू किया. स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों को मेहनती दंपती के तौर पर जाना जाता था. दामिनी ने पति के नाम का टैटू बनवाकर अपने प्यार का इजहार किया था, लेकिन अब वही टैटू इस पूरे मामले में चर्चा का विषय बन गया है.

हस्तिनापुर आने के बाद बदली रिश्तों की कहानी

पुलिस जांच में सामने आया कि दामिनी और अतुल करीब दो से तीन महीने पहले ही हस्तिनापुर के रामलीला मैदान के पास किराये के मकान में रहने आए थे. यहीं से दोनों स्कूल का संचालन कर रहे थे. पड़ोसियों के मुताबिक शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच तनाव दिखाई देने लगा. इसी दौरान स्कूल में वैन चालक के रूप में तुषार उर्फ निक्की की एंट्री हुई. पुलिस का दावा है कि इसके बाद दामिनी और तुषार के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यही रिश्ता आगे चलकर मामले की अहम कड़ी बना.

तुषार के घर आने-जाने से बढ़ा शक

स्थानीय लोगों के मुताबिक तुषार का दामिनी के घर आना-जाना लगातार बढ़ गया था. वह स्कूल वैन चलाने के साथ-साथ दामिनी को स्कूल लाने और ले जाने का काम भी करता था. लोगों का दावा है कि वह दिन में कई बार घर आता था. पुलिस के अनुसार कॉल डिटेल और तकनीकी सर्विलांस में दोनों के लगातार संपर्क में रहने की बात सामने आई है. जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी आधार पर हत्या की कथित साजिश की कड़ियां जुड़नी शुरू हुईं.

पहले कार की टक्कर से मारने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक अतुल को रास्ते से हटाने की कोशिश पहले भी की गई थी. जांच में सामने आया कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने कथित तौर पर अर्टिगा कार से अतुल को टक्कर मारने की कोशिश की थी. हालांकि उस समय अतुल ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई. पुलिस का कहना है कि इसके बाद अतुल ने मामले की शिकायत करने की बात कही थी, लेकिन दामिनी ने उन्हें समझाकर मामला शांत करा दिया. पुलिस के अनुसार पहली कोशिश नाकाम होने के बाद कथित तौर पर सांप के जरिए हत्या की योजना बनाई गई.

अतुल के पास सांप छोड़ा था?

पुलिस जांच के अनुसार हत्या की रात अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां दी गईं. पुलिस का दावा है कि जब अतुल गहरी नींद में चले गए, तब उनके बिस्तर और कंबल के पास जहरीला सांप छोड़ दिया गया. अगली सुबह दामिनी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची और बताया कि सांप के काटने से उनकी हालत खराब हुई है. डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में यह मामला सामान्य सांप के काटने से हुई मौत जैसा लगा, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की.

ऑनलाइन सर्च की भी जांच

मेरठ पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाई गई. पुलिस का दावा है कि तुषार के मोबाइल से सांप की तस्वीर भी मिली है और जहरीले सांपों को लेकर ऑनलाइन जानकारी सर्च किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक सपेरों से संपर्क और एडवांस रकम देने की जानकारी भी जांच में सामने आई है. वहीं पुलिस इस मामले में करीब 20 लाख रुपये के जीवन बीमा एंगल की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि बीमा राशि और कथित प्रेम संबंध दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. गिरफ्तारी के बाद जब दामिनी से मीडिया ने सवाल किया कि क्या उसे अपने किए पर पछतावा है, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया. पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने कथित तौर पर कहा कि वह अतुल के साथ नहीं रहना चाहती थी, हालांकि इस बयान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.