Meerut Snake Murder Case: मेरठ में पति को कथित तौर पर प्रेमी के साथ मिलकर सांप से कटवाकर मौत के घाट उतारने के मामले में अब पड़ोसियों के बयान सामने आए हैं. घटना के बाद मौके पर सबसे पहले पहुंचे लोगों ने उस सुबह का पूरा घटनाक्रम बताया है. पड़ोसियों का दावा है कि जब वे घर पहुंचे तो मृतक के सिरहाने दो कप चाय और बिस्कुट रखे हुए थे, जबकि जिस बिस्तर में सांप होने की बात कही जा रही थी, उसमें सांप पहले से मरा हुआ मिला. वहीं पुलिस पहले ही इस मामले में खुलासा कर चुकी है कि पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी.
ADVERTISEMENT
घटना वाली सुबह पड़ोसियों ने क्या देखा?
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में शामिल पड़ोसी प्रभु दयाल ने बताया कि सुबह महिला ने उन्हें आवाज देकर कहा कि घर में सांप है. इसके बाद उन्होंने गेट का ताला खुलवाया और घर के अंदर पहुंचे. उन्होंने बताया, 'जब मैं अंदर गया तो देखा कि जो व्यक्ति मृत पड़ा था, उसके सिरहाने कुर्सी पर दो चाय के कप और बिस्कुट रखे हुए थे. महिला ने कहा कि सांप बिस्तर के अंदर है. मैंने डंडे से बिस्तर को कई बार खंगाला, लेकिन सांप पहले से मरा हुआ मिला. बाद में मैंने उसी सांप को डिब्बे में रखकर पुलिस को सौंप दिया.'
एक अन्य पड़ोसी विजयपाल शर्मा ने भी बताया कि जब लोगों को घटना की जानकारी मिली तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. उन्होंने कहा 'हमें जो दिखाई दिया, उसमें सांप मरा हुआ था. यहां किसी ने भी जिंदा सांप नहीं देखा. सबसे पहले हमारे पड़ोसी पहुंचे थे, फिर मैं आया और उसके बाद गांव के अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए.' पड़ोसियों का कहना है कि घटना के बाद पूरे इलाके में इसी बात की चर्चा थी कि सांप पहले से मृत अवस्था में था.
पुलिस के खुलासे के बाद बढ़ी चर्चा
इस मामले में पुलिस पहले ही खुलासा कर चुकी है कि पत्नी ने अपने प्रेमी तुषार के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी. जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया कि पति को सांप से कटवाने के लिए सांप की व्यवस्था कराई गई थी. हालांकि पड़ोसियों का कहना है कि वे केवल वही बता सकते हैं जो उन्होंने मौके पर देखा. तुषार के बारे में पूछे जाने पर कुछ लोगों ने बताया कि वह गाड़ी चलाता था और घर पर उसका आना-जाना रहता था. वहीं पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर पड़ोसियों ने कहा कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सुनने में आती थी लेकिन घर के अंदर क्या होता था, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी.
महिलाओं ने भी जताया गुस्सा
घटना के बाद आसपास रहने वाली महिलाओं ने भी इस पूरे मामले पर नाराजगी जताई. पड़ोस में रहने वाली सुमन ने कहा 'हमें यह सुनकर बहुत दुख हुआ. प्यार करके शादी करने के बाद ऐसा नहीं होना चाहिए था. उस समय वह रोने और घबराने का नाटक करती हुई लग रही थी. अगर किसी पति के साथ ऐसी घटना हो जाए तो कोई भी पत्नी इस तरह सामान्य व्यवहार नहीं करती.' उन्होंने यह भी कहा कि अगर पहले सच्चाई का अंदाजा हो जाता तो लोग अलग तरह से प्रतिक्रिया देते.
एक अन्य महिला ने भी इस घटना को बेहद गंभीर बताया. उन्होंने कहा 'ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आगे कोई इस तरह का कदम उठाने की हिम्मत न करे. हमें उस समय भी उसके व्यवहार पर शक हुआ था. वह बार-बार सांप की बात कर रही थी, लेकिन उसका तरीका सामान्य नहीं लग रहा था.' महिलाओं का कहना था कि ऐसी घटनाओं से पूरे समाज में गलत संदेश जाता है और महिलाओं की छवि भी प्रभावित होती है.
पुलिस जांच के बाद सामने आई कहानी
इस मामले में पुलिस अपनी जांच पूरी कर खुलासा कर चुकी है कि पत्नी और उसके प्रेमी पर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. वहीं घटना के बाद सामने आए पड़ोसियों के बयान उस सुबह के घटनाक्रम की अलग तस्वीर पेश करते हैं. पड़ोसियों के अनुसार मौके पर दो कप चाय, बिस्कुट और बिस्तर में पहले से मृत पड़ा सांप मिला था. हालांकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस जांच और अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगी. फिलहाल यह मामला मेरठ ही नहीं, पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ADVERTISEMENT











