Meerut Nurse Murder Case: मेरठ के लोहिया नगर स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. शुरुआती जांच में जिस घटना को आत्महत्या माना जा रहा था, वह अब हत्या निकली है. पुलिस के अनुसार अस्पताल के कर्मचारी सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर ऑपरेशन थिएटर (OT) में ड्रिप में इंजेक्शन के जरिए जहरीला रासायनिक पदार्थ देकर नर्स नेहा की हत्या कर दी. वारदात के बाद दोनों ने फर्जी सुसाइड नोट रखकर पूरे मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
शादी का दबाव बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक फफूंडा निवासी 25 वर्षीय नेहा लोहिया नगर स्थित एमसीसी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी. शनिवार सुबह वह अपनी ननद के साथ ड्यूटी पर पहुंची थी. दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में वह अचेत अवस्था में मिली. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल से सल्फर की गोलियां और एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए गए थे. हालांकि मृतका के परिजनों ने नोट की लिखावट पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की और बताया कि ससुराल पक्ष से किसी तरह का विवाद नहीं था.
सीसीटीवी और कॉल डिटेल से खुला पूरा राज
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की. अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल खंगालने पर पता चला कि नेहा और अस्पताल कर्मचारी सुरेश के बीच पिछले 7-8 महीने से प्रेम संबंध थे. फुटेज में नेहा, सुरेश और अस्पताल कर्मचारी फरहान एक साथ ऑपरेशन थिएटर में जाते दिखाई दिए. कुछ देर बाद सुरेश अकेले ग्लव्स पहनकर बाहर निकलता नजर आया. पूछताछ में सुरेश ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसका पांच साल का बेटा है. पुलिस के अनुसार नेहा उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे छुटकारा पाने के लिए उसने फरहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.
ड्रिप में जहरीला पदार्थ मिलाकर दी मौत
पुलिस के मुताबिक नेहा ने कमजोरी महसूस होने की बात कही थी. इसी बहाने उसे ड्रिप लगाने के लिए ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया. वहां ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ मिलाकर इंजेक्ट कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने नोटपैड पर फर्जी सुसाइड नोट लिखा और उसे शव के पास रख दिया. साथ ही सल्फर की गोलियां भी रखीं, ताकि मामला आत्महत्या का लगे. पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट, नोटपैड, सिरिंज, रासायनिक पदार्थ का रैपर, कैनूला और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.
पति की मौत के बाद नौकरी कर रही थी नेहा
जांच में यह भी सामने आया कि नेहा के पति रवि कुमार ने करीब एक वर्ष पहले आत्महत्या कर ली थी. पति की मौत के बाद परिवार और बच्चे की जिम्मेदारी उठाने के लिए नेहा ने निजी अस्पताल में नौकरी शुरू की थी. इसी दौरान उसकी पहचान अस्पताल कर्मचारी सुरेश से हुई और दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए. पुलिस का कहना है कि इसी रिश्ते को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा और मामला हत्या तक पहुंच गया.
पुलिस ने बताया कैसे खुला पूरा मामला
मामले में सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया, '18 तारीख को करीब दो बजे थाना लोहिया नगर को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एमसीसी अस्पताल में काम करने वाली नर्सिंग स्टाफ ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है. मौके पर पुलिस और फील्ड यूनिट ने जांच की, जहां एक सुसाइड नोट भी मिला. मृतका के मायके और ससुराल पक्ष ने बताया कि उनके बीच कोई विवाद नहीं था और सुसाइड नोट की लिखावट भी नेहा की नहीं लग रही थी. इसके बाद अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई, जिससे पूरा मामला सामने आ गया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात को स्वीकार कर लिया.'
ADVERTISEMENT











