Meerut Crime News: मेरठ के चर्चित अतुल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे रिश्तों के पीछे छिपी एक अलग कहानी सामने आ रही है. जिस पत्नी के लिए अतुल कुछ दिन पहले तक सोशल मीडिया पर प्यार भरे संदेश लिख रहा था, उसी पर अब पुलिस ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है. जांच में पुलिस का दावा है कि सोशल मीडिया पर सब कुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन पर्दे के पीछे अतुल को रास्ते से हटाने की तैयारी चल रही थी.
ADVERTISEMENT
Birthday और Anniversary पर जताया था प्यार
मेरठ के हस्तिनापुर स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाने वाले अतुल पंवार और दामिनी ने साल 2019 में लव मैरिज की थी. दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के लिए प्यार जाहिर करते थे.
2 जून को दामिनी के जन्मदिन पर अतुल ने फेसबुक पर उसकी फोटो शेयर करते हुए लिखा, "Happy Birthday Dear Life Partner Ji." इसके बाद 27 जून को शादी की सालगिरह पर भी पत्नी के साथ तस्वीर पोस्ट कर "Happy Marriage Anniversary Dear" लिखा और उसे डिनर पर भी ले गया.
सोशल मीडिया पर दोनों का रिश्ता खुशहाल नजर आता था. हालांकि पुलिस जांच में दावा किया गया है कि इसी दौरान दामिनी और स्कूल के ड्राइवर तुषार के बीच प्रेम संबंध विकसित हो चुके थे.
फेसबुक पोस्ट भी चर्चा में
जांच के दौरान दामिनी के सोशल मीडिया अकाउंट की भी चर्चा हुई. उसके फेसबुक प्रोफाइल पर एक पोस्ट शेयर की गई थी, जिसमें लिखा था, "जिसने धोखा दिया, उसे दोबारा मौका मत देना."
हालांकि पुलिस ने इस पोस्ट को हत्या की कथित साजिश से आधिकारिक तौर पर नहीं जोड़ा है, लेकिन घटना के बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
हाथ पर गुदवाया था 'अतुल की गुजरी'
लव मैरिज के समय दामिनी ने अपने हाथ पर 'अतुल की गुजरी' लिखवाकर टैटू बनवाया था. उस समय दोनों के रिश्ते की मिसाल दी जाती थी. पुलिस का दावा है कि समय के साथ दोनों के रिश्तों में दूरियां बढ़ने लगीं. आसपास के लोगों के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच अक्सर तनाव रहता था.
पुलिस के अनुसार, तुषार उसी स्कूल में ड्राइवर था, जिसे अतुल और दामिनी मिलकर चलाते थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि उसका घर पर लगातार आना-जाना था. वह स्कूल वैन से दामिनी को स्कूल भी लेकर जाता था. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. पुलिस की तकनीकी जांच में दोनों के बीच लगातार बातचीत होने की बात भी सामने आई है.
पहले सड़क हादसे की योजना, फिर बदला तरीका: पुलिस
पुलिस के अनुसार, 27 जून को शादी की सालगिरह के दिन अतुल पत्नी के साथ समय बिता रहा था. जांच में आरोप है कि इसी दौरान तुषार के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना भी बनाई गई.
पुलिस का दावा है कि पहले सड़क हादसे के जरिए हत्या की योजना बनाई गई थी. आरोप है कि एक ड्राइवर को पैसे का लालच देकर अतुल की कार को टक्कर मारने की कोशिश कराई गई, लेकिन हेलमेट पहनने के कारण वह बच गया. इसके बाद कथित तौर पर हत्या का तरीका बदल दिया गया.
फिर जांच पहुंची जहरीले सांप तक
पुलिस के मुताबिक पहली योजना विफल होने के बाद नई साजिश रची गई. जांच में आरोप है कि तुषार ने दो सपेरों के जरिए जहरीला सांप मंगवाया. पुलिस को उसके मोबाइल से सांप की तस्वीर भी मिली, जिसके आधार पर पूछताछ आगे बढ़ी.
पुलिस का दावा है कि घटना वाली रात अतुल को दूध में नींद की गोलियां दी गईं. गहरी नींद आने के बाद कमरे में सांप छोड़ा गया, जिसने अतुल को डस लिया.
जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था. एसएसपी अविनाश पांडे के अनुसार, पुलिस ने प्रेम संबंध और बीमा राशि, दोनों पहलुओं की जांच की. उनका कहना है कि शुरुआत में मामला सामान्य सांप के काटने का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों और सांप के व्यवहार से पुलिस को संदेह हुआ. इसके बाद मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ी. पुलिस का कहना है कि इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर कथित साजिश का खुलासा हुआ.
ADVERTISEMENT











