क्राइम सीरियल देख CA पति के साथ-साथ सास-सुसुर को जहर वाली चाय पिलाती थी ज्योति गुप्ता, खुल गई साजिश

रंजय सिंह

• 07:33 PM • 28 Jul 2026

Kanpur Crime News: कानपुर में एक CA ने अपनी लैब टेक्निशियन पत्नी पर चाय और खाने में स्लो पॉइजन मिलाकर परिवार को खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया है. हिडन कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Kanpur Crime News

Kanpur Crime News

Google CTA

Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है. पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट यानी CA हिमांशु गुप्ता ने अपनी ही लैब टेक्निशियन पत्नी ज्योति गुप्ता पर चाय और खाने में धीमा जहर मिलाकर पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया है. लगातार तबीयत बिगड़ने पर पति को शक हुआ तो उसने घर के किचन में हिडन कैमरे लगवा दिए. कैमरों की फुटेज में जब पत्नी की काली करतूत सामने आई तो पति के होश उड़ गए. पीड़ित पति की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रावतपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

पहले पिता फिर मां और अंत में बिगड़ी पति तबीयत

रावतपुर के रहने वाले पीड़ित हिमांशु गुप्ता पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं. हिमांशु की शादी जनवरी 2024 में ज्योति गुप्ता के साथ हुई थी. ज्योति एक सरकारी अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत है. हिमांशु का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी पत्नी का व्यवहार पूरे परिवार के प्रति काफी असामान्य था. कुछ समय बाद अचानक पहले उनके पिता की तबीयत खराब हुई. फिर मां की और उसके बाद खुद हिमांशु की सेहत बिगड़ने लगी. जब तीनों लोगों के शरीर में एक जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दिए तो हिमांशु को खाने-पीने में किसी साजिश की आशंका हुई.

क्राइम पेट्रोल देखकर बनाई साजिश

पीड़ित पति का आरोप है कि उनकी पत्नी ज्योति अक्सर क्राइम पेट्रोल और आपराधिक मानसिकता वाले वेब शो देखा करती थी. आरोप है कि वह अपने अस्पताल की लैब से जहरीले और नशीले रसायन चुपके से घर लाती थी और उन्हें चाय या खाने में मिला देती थी. जब शक गहराया तो हिमांशु ने बिना किसी को बताए घर के कमरों और किचन में सीक्रेट कैमरे इंस्टॉल करवा दिए.

हिडन कैमरे में कैद हुई चाय में केमिकल मिलाते पत्नी की तस्वीर

हिमांशु के मुताबिक, जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो उसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ. कैमरों की रिकॉर्डिंग में आरोपी पत्नी चाय बनने के बाद उसमें अलग से किसी शीशी से कोई केमिकल मिलाती हुई साफ दिखाई दी. इसके बाद जब हिमांशु ने अपने पूरे परिवार का मेडिकल चेकअप करवाया तो रिपोर्ट में भी शरीर के अंदर जहर/केमिकल के समान लक्षण पाए गए.

भंडाफोड़ होने पर 70 लाख की मांग और दहेज केस की धमकी

हिमांशु का दावा है कि जब सबूतों के साथ पत्नी और उसके परिजनों को बुलाकर बातचीत की गई तो शुरुआत में आपसी सहमति से तलाक लेने पर राजीनामा हुआ. लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोगों ने पति को झूठे दहेज के मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए 70 लाख रुपये की अवैध मांग रख दी. इसके बाद पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाते हुए एसीपी ऑफिस और पुलिस कमिश्नर के समक्ष सभी सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के सबूत पेश किए.

पुलिस का बयान और आगे की कानूनी कार्रवाई

एसीपी ऑफिस की जांच के आधार पर रावतपुर थाने में आरोपी पत्नी ज्योति गुप्ता और उसके परिजनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. 'पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है कि उसकी पत्नी द्वारा उसे और उसके परिवार को कोई रासायनिक पदार्थ पिलाया जाता था, जिससे उनकी तबीयत खराब हुई. प्राप्त प्रार्थना पत्र और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट्स और अन्य साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी.'

फिलहाल चाय में स्लो पॉइजन देने का यह मामला पूरे कानपुर शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस लैब टेक्निशियन पत्नी के इस खौफनाक नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.