Kanpur Horse Attack News: कानपुर में आवारा जानवरों के हमलों के बीच अब घोड़े के आतंक का मामला सामने आया है. शहर के एक इलाके में सड़क पर घूम रहे घोड़े ने आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर दिया. हमले में तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जिनमें एक महिला अफसाना की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने घोड़े को पकड़कर एक प्लांट में बंद कराया था, लेकिन गुस्साए स्थानीय लोगों ने प्लांट में घुसकर घोड़े को पीट-पीटकर मार डाला.
ADVERTISEMENT
महिला पर घोड़े ने किया हमला
घटना शनिवार की बताई जा रही है. अफसाना अपने पति को खाना देने के लिए सड़क से जा रही थीं. इसी दौरान वहां घूम रहे घोड़े ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह काट लिया. गंभीर रूप से घायल अफसाना को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया. इसके बाद भी घोड़ा नहीं रुका और सड़क से गुजर रहे कई अन्य लोगों को भी अपना निशाना बनाया. घोड़े के हमले में घायल दो अन्य लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को काटा
स्थानीय लोगों के मुताबिक घोड़े के लगातार हमलों से इलाके में दहशत फैल गई थी. लोग घोड़े से बचकर निकलने की कोशिश कर रहे थे. सोमवार रात पुलिस को मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद घोड़े को पकड़वाकर एक प्लांट में बंद करा दिया गया. पुलिस की कार्रवाई के बाद भी लोगों में घोड़े को लेकर गुस्सा बना रहा. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोग प्लांट के अंदर पहुंच गए और घोड़े को पीट-पीटकर मार डाला.
घायल अफसाना के पति ने क्या बोला?
घायल अफसाना के पति मोहम्मद ने बताया कि उनकी पत्नी सामान्य तरीके से सड़क के किनारे से निकल रही थीं. उन्होंने कहा, 'पता नहीं घोड़े ने ऐसा क्यों किया. पत्नी तो बगल से निकल रही थी, फिर उसने हमला क्यों कर दिया.' उन्होंने बताया कि घटना के बाद उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं. घोड़े की मौत के बारे में उन्होंने कहा, 'घोड़े को मारा गया, हमें पता नहीं किसने मारा. हम तो अस्पताल में हैं.'
पुलिस ने घोड़े को प्लांट में कराया था बंद
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घोड़े को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर बंद कराया था. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाने की थी कि घोड़ा किसका है और उसका मालिक कौन है. फिलहाल कोई व्यक्ति घोड़े का वारिस बनकर सामने नहीं आया है. घोड़े के हमले के बाद इलाके में काफी नाराजगी थी, जिसके चलते लोगों ने उसे पीटकर मार डाला. अब पुलिस घोड़े की मौत के मामले में भी जानकारी जुटा रही है.
नगर निगम ने कब्जे में ली घोड़े की बॉडी
घोड़े की मौत को लेकर एसीपी आशुतोष सिंह ने कहा 'घोड़े की मौत की सूचना मिली है. उसको नगर निगम को सूचित कर दिया गया था. नगर निगम वाले बॉडी ले गए हैं. उसका पोस्टमार्टम करके पता करेंगे उसकी मौत कैसे हुई.' उन्होंने बताया कि घोड़े ने आधा दर्जन लोगों को काटा था और इनमें से तीन का इलाज चल रहा है. एसीपी के मुताबिक अभी तक यह फाइनल नहीं हुआ है कि घोड़ा किसका था, क्योंकि उसका कोई वारिस सामने नहीं आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घोड़े की मौत की वजह स्पष्ट होने की बात कही गई है.
ADVERTISEMENT











